मुंबई । वैश्विक बाजारों से मिले अच्छे संकेतों की वजह से भारतीय शेयर बाजार पिछले सप्ताह की तेजी को बरकरार रखते हुए सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को जोरदार बढ़त के साथ खुले। सोमवार सुबह के ही कारोबार में सेंसेक्स ने 55 हजार का आंकड़ा पार कर लिया, जबकि निफ्टी 16,600 के ऊपर कारोबार करने लगा। सेंसेक्स शुरुआत में 623 अंक चढ़कर 55,508 पर खुला जबकि निफ्टी ने 176 अंकों की बढ़त बनाई और 16,528 पर खुलकर कारोबार शुरू किया।
निवेशक शुरुआत से ही बुलिश नजर आए और जमकर खरीदारी की। निवेशकों ने शुरुआत से ही खरीदारी बनाए रखी जिससे इन्फोसिस के शेयरों में तीन फीसदी तक उछाल दिखने लगा। इसके अलावा एचसीएल टेक, विप्रो, टाइटन, अल्टाट्रेक सीमेंट, टेक एम, एमएंडएम, आरआईएल, टीसीएस और एचडीएफसी के शेयरों पर जमकर दांव लगाया जिससे ये स्टॉक टॉप गेनर की सूची में आ गए। सेंसेक्स की सभी 30 कंपनियों के शेयर हरे निशान पर कारोबार कर रहे हैं।
बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप पर भी 1.4 फीसदी का उछाल दिख रहा है। सबसे ज्यादा 2.5 फीसदी का उछाल आईटी सेक्टर में दिख रहा है। इसके अलावा ऑटो और फाइनेंशियल सेक्टर में भी एक फीसदी तक तेजी दिख रही है। पिछले तीन सत्रों से तेज बढ़त बनाने के बाद बाजार में अनिश्चितता का सूचकांक भी गिर गया है।
एशिया के ज्यादातर शेयर बाजार सोमवार सुबह बढ़त पर खुले हैं। सिंगापुर स्टॉक एक्सचेंज पर सुबह के कारोबार में 0.73 फीसदी की तेजी दिख रही है, जबकि जापान का निक्केई 1.84 फीसदी की बढ़त पर कारोबार कर रहा है. इसके अलावा हांगकांग के स्टॉक एक्सचेंज पर 1.14 फीसदी और ताइवान में 1.23 फीसदी की बढ़त दिख रही है । दक्षिण कोरिया का शेयर बाजार 1.04 फीसदी और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.34 फीसदी की बढ़त पर कारोबार कर रहा है।