मुंबई । वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख और विदेशी निवेशकों की निरंतर बिकवाली के चलते सेंसेक्स और निफ्टी में शुक्रवार को गिरावट दर्ज की गई। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 425 अंक टूट गया। बीएसई का 30 शेयरों वाला सूचकांक 425.11 अंक गिरकर 51,070.68 पर आ गया, जबकि निफ्टी 125.7अंक गिरकर 15,234.90 पर कारोबार कर रहा था।सेंसेक्स से एशियन पेंट्स, विप्रो, डॉ. रेड्डीज, टाइटन, टीसीएस, टेक महिंद्रा, सन फार्मा और मारुति गिरने वाले प्रमुख शेयरों में शामिल थे।

वहीं, दूसरी ओर रिलायंस इंडस्ट्रीज और एनटीपीसी लाभ में कारोबार कर रहे थे। इससे पहले बृहस्पतिवार को तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 1,045.60 अंक गिरावट के साथ 51,495.79 अंक पर बंद हुआ था। इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 331.55 अंक की गिरावट के साथ 15,360.60 अंक पर बंद हुआ था। शुक्रवार के कारोबार में निवेशकों ने सबसे ज्‍यादा बिकवाली ‎विप्रो, टीसीस, एचसीएल टेक, टाइटन एम, इंडसंड बैंक, एचडीएफसी और ए‎शियन पेंटस के शेयरों में की है। लगातार बिकवाली से इन कंपनियों के स्‍टॉक्‍स में 2.6 फीसदी तक गिरावट देखी जा रही।

इसके अलावा ‎ब्रिटे‎निया, टाटा मोटर्स और एचडीएफसी लाइफ के स्‍टॉक्‍स ने भी नुकसान झेला है। दूसरी ओर ‎रिलायंस, एनटीपीस, टाटा स्टील, कोल इं‎डिया, बजाज आटो और आईटीसी जैसी कंपनियों के शेयरों की लगातार मांग रही है और दोनों ही एक्‍सचेंज पर ये स्‍टॉक्‍स हरे निशान पर ट्रेडिंग कर रहे। बीएसई मिडकैप और स्‍मॉलकैप में भी गिरावट देखी जा रही, जो 1.3 फीसदी तक टूट गए हैं। आज के कारोबार को सेक्‍टरवार देखें तो सबसे ज्‍यादा नुकसान रियल्‍टी, आईटी, एफएमसीजी, फार्मा, कंज्‍यूमर ड्यूरेबल, ऑटो और बैंक में दिख रहा है। कुल मिलाकर सिर्फ मेटर सेक्‍टर ही आज हरे निशान पर कारोबार कर रहा, जबकि अन्‍य सभी सेक्‍टर में शुरुआत से ही गिरावट दिख रही है।

एशिया के अधिकतर बाजारों में कमजोरी देखी जा रही है। सिंगापुर स्‍टॉक एक्‍सचेंज को छोड़ दिया जाए तो सभी प्रमुख शेयर बाजारों में आज शुरुआती कारोबार में ही गिरावट दिख रही है। सिंगापुर स्‍टॉक एक्‍सचेंज 0.15 फीसदी की बढ़त के साथ ट्रेडिंग कर रहा। हालांकि, अन्‍य बाजारों जैसे जापान के निक्‍केई में 2.25 फीसदी और ताइवान में 1.23 फीसदी की गिरावट दिख रही है। दक्षिण कोरिया का कॉस्‍पी भी 1.14 फीसदी के नुकसान पर ट्रेडिंग कर रहा है, जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट 0.03 फीसदी गिरावट के साथ लाल निशान पर है।