सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क– इंटीग्रेटेड ट्रेड– न्यूज़ भोपाल: नकदी संकट और कानूनी लड़ाई का समाना कर रही एयरलाइन कंपनी स्पाइसजेट की चीफ कॉमर्शियल ऑफिसर (CCO) शिल्पा भाटिया और चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (COO) अरुण कश्यप ने रिजाइन कर दिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भाटिया और कश्यप साथ मिलकर नया चार्टर एयरलाइन बिजनेस शुरू करेंगे। फिलहाल दोनों अधिकारी कंपनी में नोटिस पीरियड पर हैं, जो 31 मार्च को समाप्त हो रहा है।
अरुण की पत्नी और शिल्पा के पति ने बनाई है नई कंपनी
अरुण कश्यप की पत्नी मीनाक्षी कश्यप और शिल्पा भाटिया के पति अजय भाटिया ने अगस्त 2023 में सीरियस इंडियन एयरलाइंस प्राइवेट लिमिटेड नाम से एक कंपनी शुरू की थी। तब स्पाइसजेट ने कहा था कि सीरियस एयरलाइन स्पाइसजेट के कंसेंट के बिना आगे कुछ नहीं करेगी।
अरुण कश्यप ने 2022 में भी छोड़ी थी कंपनी
COO अरुण कश्यप इससे पहले भी 2022 में स्पाइसजेट छोड़कर एअर इंडिया में चीफ ट्रांसफॉर्मेशन ऑफिसर के पद पर जॉइन कर लिया था, लेकिन एक साल के भीतर एअर इंडिया छोड़ फिर से स्पाइसजेट में शामिल हो गए थे।
कश्यप जेट एयरवेज और ओमान एयर में काम कर चुके हैं। इससे पहले वे स्पाइसजेट में चीफ प्रोग्राम एंड ट्रांसफॉर्मेशन ऑफिसर के तौर पर काम कर रहे थे।
कंपनी का शेयर 7.20% टूटा
कंपनी के दोनों अधिकारियों के रिजाइन की खबर के बाद आज यानी मंगलवार (12 मार्च) को 11:10 बजे इसके शेयर में 7.20% की गिरावट देखी गई। स्पाइसजेट का शेयर पिछले एक महीने में 11.99% गिरा है। हालांकि, पिछले 6 महीनों में इसने 41.66% और एक साल में 66.28% का पॉजिटिव रिटर्न दिया है।