भोपाल । बिजली कर्मचारियों की समस्याओं को सुनने और उनका त्वरित निराकरण करने के लिए विद्युत वितरण कंपनी विशेष अभियान चला रही है। इसके तहत विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसकी शुरूआत 16 अगस्त से हो चुकी है। यह 21 अगस्त तक जारी रहेगा। उक्त दिवस तक बिजली कंपनी के अधिकारी, कर्मचारी वृत्त स्तर पर अपनी-अपनी समस्या दर्ज करा सकते हैं, इनका त्वरित निराकरण किया जाएगा। मप्र मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि तबादले को छोड़कर वेतन, सुविधा, निलंबन, कारण बताओ नोटिस, मेडिकल बिल, विभागीय जांच व अन्य प्रकरणों को सुना जा रहा है। विभिन्न कर्मचारी संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर अपनी समस्याओं या शिकायतों का त्वरित निराकरण करवा सकते हैं।

शिविर लगाकर सुनी जा रही है समस्याएं

मप्र मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा 16 से 21 अगस्त तक वृत्त स्तर पर विशेष शिविर लगाकर कार्मिकों की विभिन्न समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है। कंपनी द्वारा वृत्त स्तर पर आयोजित इन शिविरों में पहले ही दिन लगभग एक दर्जन से अधिक कर्मचारियों के विभागीय मामलों तथा अन्य छोटी-बड़ी समस्याओं का निदान किया गया।

कर्मचारियों ने जताई खुशी

शिविर लगाकर समस्याओं की सुनवाई को लेकर कर्मचारी खुश हैं, क्योंकि इस तरह के प्रकरण सालों तक लंबित रहते हैं। कर्मचारियों को बार-बार अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। मानसिक परेशानियां अलग होती है। बिजली कंपनी के प्रबंध संचालक गणेश शंकर मिश्रा ने कर्मचारियों से कहा है कि उनसे जुड़ी हर समस्या का निराकरण किया जाएगा। मानवीय दृष्टिकोण व प्राकृतिक न्याय और शासकीय नियमों के अंतर्गत शिकायतों का तत्काल निराकरण करेंगे। यह व्यवस्था आगे भी जारी रहेगी।