सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मध्यप्रदेश राष्ट्रभाषा प्रचार समिति एवं हिंदी भवन न्यास, भोपाल द्वारा हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में शपथ विधि कार्यक्रम का आयोजन हिंदी भवन परिसर में किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित साहित्यकारों, हिंदीसेवियों एवं गणमान्य नागरिकों ने दैनिक जीवन में हिंदी भाषा के अधिकतम प्रयोग का संकल्प लिया। साथ ही अपने हस्ताक्षर भी हिंदी में करने तथा हिंदी को व्यवहार और कार्य-व्यवहार की भाषा बनाने की शपथ ली।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व राज्यसभा सांसद रघुनंदन शर्मा मुख्य अतिथि विधायक भगवानदास सबनानी उपस्थित रहे। इस अवसर पर हिंदी भवन न्यास के पेविंग ब्लॉक लगाए जाने के कार्य का भूमि पूजन भी संपन्न हुआ।
भूमि पूजन भगवानदास सबनानी रघुनंदन शर्मा एवं मध्यप्रदेश राष्ट्रभाषा प्रचार समिति के मंत्री-संचालक विकास दवे द्वारा विधिवत किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रघुनंदन शर्मा ने कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, संवेदना और राष्ट्रीय चेतना की भाषा है। हिंदी का सम्मान तभी सार्थक होगा, जब हम उसे अपने दैनिक व्यवहार में सहजता से अपनाएँ।
मुख्य अतिथि भगवानदास सबनानी ने कहा कि हिंदी को लेकर केवल भावनात्मक आग्रह पर्याप्त नहीं है, बल्कि हमें अपने व्यक्तिगत और सार्वजनिक जीवन में हिंदी के प्रयोग को बढ़ाना होगा। हिंदी दिवस का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब हिंदी हमारे व्यवहार और कार्य-संस्कृति का स्वाभाविक हिस्सा बने।
मध्यप्रदेश राष्ट्रभाषा प्रचार समिति के मंत्री-संचालक विकास दवे ने कहा कि भाषा के प्रति सम्मान केवल आयोजनों और नारों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। हिंदी के प्रति हमारी प्रतिबद्धता हमारे व्यवहार, हस्ताक्षर कार्यालयीन कार्य और दैनिक जीवन में दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हिंदी को जन-जन की व्यवहारिक भाषा बनाने के लिए निरंतर प्रयास आवश्यक हैं।
इस अवसर पर हिंदी भवन परिसर के विकास एवं संरक्षण से संबंधित कार्यों को भी गति देने की दिशा में विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में हिंदी सेवी साहित्यकार एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #Desksource #कतम #एनएन #टवर #DeskSource #आईट #भवन #उपलक