सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ की जिला स्तरीय कार्ययोजना की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए। अभियान के अंतर्गत 13 प्रमुख राष्ट्रीय गतिविधियों के साथ स्वास्थ्य, स्वच्छता, शिक्षा, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण से संबंधित 25 सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
कलेक्टर मिश्रा ने बताया कि अभियान का प्रमुख कार्यक्रम आशीर्वाद का दीया इसके अंतर्गत भोपाल नगर निगम क्षेत्र में दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित प्रमुख नदी घाटों, मंदिरों, बांधों, जलशोधन संयंत्रों तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों के आवासों पर भी दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा। उन्होंने नगर निगम, जिला पंचायत, जल संसाधन तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।
सेवा चित्र के अंतर्गत विकसित भारत-2047 एवं सेवा कार्यों पर आधारित चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं 19 सितंबर को विद्यालय स्तर, 22 सितंबर को संकुल स्तर और 24 सितंबर को विकासखंड स्तर पर आयोजित की जाएंगी। जिला स्तरीय प्रदर्शनी एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम 25 से 30 सितंबर के बीच आयोजित होगा। स्कूल, कॉलेज, चिकित्सा एवं नर्सिंग महाविद्यालयों में चित्रकला, भाषण, निबंध, सड़क सुरक्षा और स्वच्छता से संबंधित गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
सेवा स्मरण’ के अंतर्गत शासकीय कलापथक दल, स्वयंसेवी संस्थाओं, विद्यालयों और महाविद्यालयों के सांस्कृतिक दलों द्वारा नुक्कड़ नाटकों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवा कार्यों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसका जिला स्तरीय मंचन 2 अक्टूबर को होगा।
आंगन का मिलन कार्यक्रम 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनवाड़ी केंद्रों में आयोजित किया जाएगा। इसके साथ रक्तदान, स्वास्थ्य जांच, अंगदान जागरूकता, पोषण एवं एनीमिया जागरूकता और महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से संबंधित गतिविधियां आयोजित होंगी।
कलेक्टर मिश्रा ने सेवा ज्योति यात्रा के अंतर्गत साइकिल रैली, बाइक रैली और मैराथन आयोजित करने तथा नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, युवाओं, सामाजिक संस्थाओं और नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। यात्रा के माध्यम से विकास उपलब्धियों एवं सेवा कार्यों की जानकारी दी जाएगी और विकसित भारत-2047 का सामूहिक संकल्प दिलाया जाएगा।
अभियान के दौरान ‘सेवा-मेरा योगदान’ के अंतर्गत वृक्षारोपण, स्वच्छता, कचरा पृथक्करण, जलस्रोतों की साफ-सफाई, प्लास्टिक मुक्त जागरूकता, योग एवं खेल गतिविधियां, करियर काउंसलिंग, वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा, नशामुक्ति, सैनिक सम्मान, दिव्यांगजन सहयोग, मतदाता जागरूकता, सड़क सुरक्षा तथा वोकल फॉर लोकल जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
‘सेवा सेतु अभियान’ के अंतर्गत विधानसभा एवं विकासखंड स्तर पर शिविर आयोजित कर नागरिकों को केंद्र और राज्य शासन की पात्रतामूलक योजनाओं की जानकारी, पात्रता परीक्षण, आवेदन और सहायता एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएगी। इन शिविरों को मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान से जोड़कर आयोजित किया जाएगा।
‘सेवा के रंग’ के अंतर्गत प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर रंगोली एवं ह्यूमन रंगोली बनाई जाएगी। इसके माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं, राष्ट्रीय प्रतीकों और विकसित भारत की संकल्पना को प्रदर्शित किया जाएगा। राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज के अंतर्गत युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप, नवाचारकर्ताओं और शैक्षणिक संस्थानों को नवाचार गतिविधियों से जोड़ा जाएगा।
Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #Desksource #एनएन #टवर #आईट #DeskSource #2026 #करन #सशक