आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : शेयर बाजार में आज यानी गुरुवार (26 अक्टूबर) को गिरावट देखने को मिल रही है। सेंसेक्स 700 अंक से ज्यादा की गिरावट के साथ 63,200 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं, निफ्टी में भी 200 अंक से ज्यादा की गिरावट है, यह 18,800 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
शुरुआती कारोबार के दौरान सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 29 में गिरावट और सिर्फ 1 में तेजी देखने को मिल रही है। आज बैंकिंग, IT और मेटल शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट है। ये लगातार 5वां कारोबारी दिन है जब बाजार में गिरावट देखने को मिल रही है।
इन 4 कारणों से टूटा बाजार
इजराइल-हमास युद्ध के कारण लोग बाजार से पैसा निकाल रहे हैं।
US डॉलर मजबूत होने से भी बाजार पर दबाव बना हुआ है।
महंगाई और कच्चे तेल के दाम बढ़ने से बाजार गिर रहा है।
विदेशी निवेशक (FII) बाजार से पैसा निकाल रहे हैं।
IRM एनर्जी की कमजोर लिस्टिंग
IRM एनर्जी की शेयर बाजार में कमजोर लिस्टिंग हुई है। आज NSE पर इसका शेयर इश्यू प्राइस से 5.5% डिस्काउंट के साथ 477.25 रुपए पर लिस्ट हुआ है। वहीं BSE पर इसकी लिस्टिंग 5.15% डिस्काउंट के साथ 479 रुपए प्रति शेयर पर हुई है। IPO का इश्यू प्राइस 505 रुपए प्रति शेयर था।
अमेरिकी बाजार 2% से ज्यादा टूटे
बुधवार को अमेरिकी बाजारों पर जबरदस्त दबाव रहा। डाओ जोंस 105 अंकों की गिरावट के साथ बंद हुआ, लेकिन नैस्डेक में 319 अंकों (-2.43%) की बड़ी गिरावट देखने को मिली। S&P500 भी 1.43% टूटकर बंद हुआ है। नैस्डेक और S&P500 दोनों ही अब 5 महीने के निचले स्तरों पर पहुंच चुके हैं।
कच्चा तेल और सोना-चांदी में तेजी
कच्चे तेल के भाव एक बार फिर तेजी देखने को मिल रही है। बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 2% की तेजी के साथ 90 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर ट्रेड कर रहा है। WTI क्रूड 85 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर है। वहीं सोने की कीमतें 2000 डॉलर की तरफ एक बार फिर बढ़ गईं हैं। फिलहाल सोने का दिसंबर वायदा 1995 डॉलर प्रति आउंस पर ट्रेड कर रहा है। चांदी भी 23 डॉलर प्रति आउंस के ऊपर है।
कल भी मार्केट में रही थी गिरावट
इससे पहले कल यानी बुधवार को भी शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स 522 अंक (0.81%) गिरकर 64,049 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी में भी 159 अंक (0.83%) की गिरावट रही थी, यह 19,122 के स्तर पर बंद हुआ था। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 25 में गिरावट और सिर्फ 5 में तेजी देखने को मिली थी।