आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : शेयर बाजार में आज यानी शुक्रवार (27 अक्टूबर) को तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स 634 अंक बढ़कर 63,782 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी में भी तेजी रही, यह 190 अंक चढ़कर 19,047 के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 28 में तेजी और सिर्फ 2 में गिरावट देखने को मिली। बैंकिंग, IT और मेटल सहित सभी सेक्टोरल इंडेक्स में तेजी रही। लगातार 6 दिनों की गिरावट के बाद बाजार तेजी के साथ बंद हुआ।

अमेरिकी बाजार गिरकर बंद हुए

अमेरिकी बाजारों में नतीजों का सीजन चल रहा है, जिसका असर बाजार पर दिख रहा है। टेक शेयरों में बिकवाली की वजह से नैस्डेक 226 अंक (1.76%) गिरकर बंद हुआ। वहीं डाओ जोंस में 252 अंकों की बड़ी गिरावट देखने को मिली है, S&P500 भी 1.2% टूटकर बंद हुआ है।

गुरुवार को 900 अंक गिरा था बाजार

इससे पहले गुरुवार को शेयर बाजार में बड़ी गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स 900 अंक (1.41%) गिरकर 63,148 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी में भी 264 अंक (1.39%) की गिरावट रही, यह 18,857 के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 25 में गिरावट और सिर्फ 5 में तेजी देखने को मिली। बैंकिंग, IT और मेटल शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट रही। ये लगातार 6वां कारोबारी दिन था जब बाजार में गिरावट देखने को मिली थी।

इन 4 कारणों से टूटा था बाजार

इजराइल-हमास युद्ध के कारण लोग बाजार से पैसा निकाल रहे हैं।

US डॉलर मजबूत होने से भी बाजार पर दबाव बना हुआ है।

महंगाई और कच्चे तेल के दाम बढ़ने से बाजार गिर रहा है।

विदेशी निवेशक (FII) बाजार से पैसा निकाल रहे हैं।

एशियन पेंट्स और PNB ने दूसरी तिमाही के नतीजे जारी किए

पेंट बनाने वाली निफ्टी कंपनी, एशियन पेंट्स ने कल वित्त वर्ष 2023-24 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) के नतीजे जारी किए थे। इस तिमाही में कंपनी के मुनाफे में सालाना आधार पर 53.31% का उछाल देखने को मिला है। कंपनी का मुनाफा 803.83 करोड़ से बढ़कर 1232.39 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं आय 8457.57 करोड़ से बढ़कर 8478.57 करोड़ रुपए हो गई है।

इसके अलावा पंजाब नेशनल बैंक (PNB) ने भी दूसरी तिमाही के नतीजे जारी किए थे। इसके अनुसार बैंक का मुनाफा सालाना आधार पर 411.27 करोड़ से बढ़कर 1756.13 करोड़ रुपए हो गया है। इसमें 327% की ग्रोथ देखने को मिली है। वहीं ब्याज आय 20% बढ़ी, 8270.68 करोड़ से बढ़कर 9922.92 करोड़ रुपए पर पहुंच गई है। बैंक का ग्रॉस NPA 7.73% से घटकर 6.96% रह गया है।