आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : शेयर बाजार में आज यानी बुधवार (8 नवंबर) को मामूली तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स 33 अंक की तेजी के साथ 64,975 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी में भी 36 अंक की तेजी रही, यह 19,443 के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 15 में तेजी और 15 में गिरावट देखने को मिली।

रिलायंस इंडस्ट्रीज जारी करेगा 20,000 करोड़ रुपए के बॉन्ड

मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज रिकॉर्ड 20,000 करोड़ रुपए के बॉन्ड जारी करने जा रही है। इस पूंजी के जरिए कंपनी 5जी नेटवर्क मजबूत करने के साथ-साथ ग्रीन एनर्जी और फाइनेंशियल सर्विसेज बिजनेस का विस्तार करेगी।

रिलायंस के रुपी-डोमिनेटेड बॉन्ड का बेस साइज 10,000 करोड़ रुपए है। इसमें इतनी ही रकम के रिटेन सब्सक्रिप्शन का विकल्प भी है। 10 साल में मैच्योर होने वाले इन बॉन्ड्स की नीलामी गुरुवार को होगी। रेटिंग कंपनियों- क्रिसिल और केयरएज ने स्टेबल आउटलुक के साथ इसे ‘AAA’ रेटिंग दी है।

कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट जारी

चीन के कमजोर आर्थिक आकंड़ों से क्रूड में गिरावट देखने को मिल रही है। क्रूड 4 महीनों के निचले स्तरों पर पहुंच गया है। ब्रेंट का भाव 82 डॉलर के नीचे फिसला है, जबकि WTI का भाव 77 डॉलर के नीचे फिसला है। बता दें कि अमेरिका में इन्वेंटरी बढ़ने से कच्चे तेल के भाव गिरे हैं। चीन के कमजोर आंकड़ों ने दबाव बनाया है। वहीं चीन का एक्सपोर्ट 6 महीनों से गिर रहा है । बाजार को चीन में मांग गिरने की आशंका है।

प्रोटीन ईगॉव टेक्नोलॉजीज के IPO में पैसा लगाने का आखिरी मौका

प्रोटीन ईगॉव टेक्नोलॉजीज लिमिटेड का इनिशियल पब्लिक ऑफर यानी IPO में पैसा लगाने का आज आखिरी मौका है। ये IPO 6 से 8 नवंबर तक रिटेल निवेशकों के लिए खुला है। 17 नवंबर को कंपनी के शेयर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर लिस्ट होंगे।

इसके IPO का प्राइस बैंड ₹752-₹792 तय किया है। रिटेल निवेशक मिनिमम एक लॉट यानी 18 शेयरों के लिए बिडिंग कर सकते हैं। यदि आप IPO के अपर प्राइज बैंड ₹792 के हिसाब से 1 लॉट के लिए अप्लाय करते हैं, तो इसके लिए ₹14,256 इन्वेस्ट करने होंगे। वहीं इसके IPO के लिए रिटेल निवेशक मैक्सिमम 14 लॉट यानी 252 शेयरों के लिए अप्लाय कर सकते हैं। इसके लिए निवेशकों को अपर प्राइज बैंड के हिसाब से ₹1,99,584 खर्च करने होंगे।

कल बाजार में हुआ फ्लैट कारोबार

इससे पहले कल यानी मंगलवार (7 नवंबर) को शेयर बाजार में फ्लैट कारोबार देखने को मिला था। सेंसेक्स 16 अंक की गिरावट के साथ 64,942 पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी में भी 5 अंक की गिरावट देखने को मिली, यह 19,406 के स्तर पर बंद हुआ था। सेंसेक्स के 30 शेयरों में 16 में तेजी और 14 में गिरावट देखने को मिली थी।