आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : सेलो वर्ल्ड लिमिटेड का इनिशियल पब्लिक ऑफर यानी IPO ओपन हो गया है। रिटेल निवेशक 1 नवंबर तक बोली लगा सकेंगे। 9 नवंबर को कंपनी के शेयर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर लिस्ट होंगे।
इस IPO के जरिए कंपनी ₹1,900 करोड़ जुटाना चाहती है। इसके लिए कंपनी के मौजूदा निवेशक और प्रमोटर 29,320,987 शेयर बेचेंगे। यह IPO पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल है, जिसके लिए कंपनी एक भी फ्रेश शेयर इश्यू नहीं करेगी।
अगर आप भी इसमें पैसा लगाने का प्लान बना रहे हैं तो हम आपको बता रहे हैं कि आप इसमें कितना निवेश कर सकते हैं।
मिनिमम और मैक्सिमम कितना पैसा लगा सकते हैं?
रिटेल निवेशक को मिनिमम एक लॉट यानी 23 शेयरों के लिए अप्लाय करना होगा। कंपनी ने IPO का प्राइज बैंड ₹617-₹648 प्रति शेयर रखा है। यदि आप IPO के अपर प्राइज बैंड ₹648 के हिसाब से 1 लॉट के लिए अप्लाय करते हैं तो आपको ₹14,904 लगाने होंगे। रिटेल निवेशक मैक्सिमम 13 लॉट यानी 299 शेयर के लिए बिडिंग कर सकते हैं, जिसके लिए उन्हें अपर प्राइज बैंड के हिसाब से ₹193,752 खर्च करने होंगे।
35% हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व
कंपनी के IPO का 50% हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए रिजर्व रखा गया है। इसके अलावा 35% हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स और बाकी 15% हिस्सा नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) के लिए रिजर्व है।
इन्वेस्ट करने पर मिल सकता है 18% से ज्यादा का रिटर्न
लिस्ट होने के पहले कंपनी का शेयर ग्रे मार्केट में 18.52% यानी ₹120 प्रति शेयर के प्रीमियम पर पहुंच गया है। ग्रे मार्केट प्राइस (GMP) के हिसाब से देखें तो अपर प्राइस बैंड ₹648 के लिहाज से इसकी लिस्टिंग 120+648=₹768 पर हो सकती है। हालांकि, ग्रे मार्केट से केवल अनुमान लगाया जा सकता है। शेयर इससे ज्यादा और कम प्राइस में भी लिस्ट हो सकता है।
सेलो के पास कंज्यूमर प्रोडक्ट इंडस्ट्री में 60 से अधिक सालों का एक्सपीरिएंस
सेलो वर्ल्ड तीन कैटेगरी में प्रोडक्ट बनाती है- कंज्यूमर हाउसवेयर, राइटिंग इंस्ट्रूमेंट्स और स्टेशनरी, मोल्डेड फर्नीचर और संबंधित प्रोडक्ट्स। कंपनी के पास कंज्यूमर प्रोडक्ट इंडस्ट्री में 60 से अधिक सालों का एक्सपीरिएंस है। 31 मार्च 2023 तक कंपनी की 5 अलग-अलग जगहों पर 13 मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी थी।