स्कूल की दोस्ती शादी में बदली, मेघना संग सात फेरे लेंगे संदीप सिंह
सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ / एजेंसियाँ:
उत्तर प्रदेश सरकार के बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह जल्द ही विवाह बंधन में बंधने जा रहे हैं। उनकी शादी गाजियाबाद में रहने वाली मेघना चौधरी से तय हुई है। दोनों की पहली मुलाकात दिल्ली पब्लिक स्कूल में पढ़ाई के दौरान हुई थी। स्कूल के दिनों में शुरू हुई पहचान अब पारिवारिक रिश्ते में बदलने जा रही है।
संदीप सिंह पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता रहे कल्याण सिंह के पौत्र हैं। वह अलीगढ़ की अतरौली विधानसभा सीट से विधायक भी हैं। वहीं मेघना चौधरी का परिवार मूल रूप से अलीगढ़ जिले के गोंडा ब्लॉक के तारापुर गांव से जुड़ा है। उनके परिवार के अधिकांश सदस्य वर्तमान में गाजियाबाद में रहते हैं। मेघना ने कानून की पढ़ाई के लिए विदेश का रुख किया था।
परिवारों के बीच वर्ष 2024 में विवाह को लेकर बातचीत शुरू हुई थी। शुरुआत में कुछ पारिवारिक अड़चनें आईं, लेकिन बाद में दोनों पक्षों की सहमति बन गई। तय कार्यक्रम के अनुसार, 14 नवंबर को अलीगढ़ के तालानगरी क्षेत्र में संदीप सिंह और मेघना चौधरी की सगाई होगी। इसी समारोह में संदीप के छोटे भाई सौरभ सिंह वर्मा की सगाई अंतरा त्यागी से भी होगी।
दोनों भाइयों का विवाह 27 नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित है। संदीप सिंह अपने परिवार के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उन्हें समारोह का निमंत्रण भी दे चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रमों में शामिल होने की सहमति दी है।
Hashtags: #UttarPradeshState #Delhi #स्कूल #दोस्ती #शादी #बदली #मेघना #संग #सात #स्कूलकीदोस्तीशादी