/ एजेंसियाँ: उत्तर प्रदेश के संभल में नातिन की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने पहुंचे एक बुजुर्ग पर जर्मन शेफर्ड कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ते ने उनके शरीर पर दो दर्जन से अधिक जगह काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना बहजोई थाना क्षेत्र स्थित दिव्य लोक होटल की है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने होटल प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।जानकारी के अनुसार, बहजोई की देव विहार कॉलोनी निवासी प्रमोद कुमार अपने परिवार के साथ नातिन का जन्मदिन मनाने होटल पहुंचे थे। मुख्य हॉल में भीड़ होने के कारण होटल मालिक और कर्मचारियों ने उन्हें दूसरे हॉल में बैठाया। इसी दौरान खांसी आने पर प्रमोद दूसरे गेट से बाहर निकले, जहां पहले से मौजूद जर्मन शेफर्ड ने उन पर हमला कर दिया।
प्रमोद के मुताबिक, कुत्ते ने उनके शरीर पर कई जगह काटा। उनकी चीख-पुकार सुनकर होटल में मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उन्हें कुत्ते से बचाया। घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां एंटी-रेबीज इंजेक्शन देकर उपचार किया गया।
पीड़ित ने होटल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की। थाना प्रभारी राजीव मलिक के अनुसार, शिकायत के आधार पर बीएनएस की धारा 291 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Hashtags: #UttarPradeshState #Bhopal #नातिन #जन्मदिन #पार्टी #नाना #कुत्ते #हमला #सीएनएन #नातिनकीजन्मदिनपार्टी