सांदीपनि विद्यालय जीरापुर शिक्षा में उत्कृष्टता की मिसाल

सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर नवाचार गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है कि राजगढ़ जिले के जीरापुर स्थित सांदीपनि विद्यालय आज प्रदेश के अग्रणी शासकीय विद्यालयों में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर चुका है। मॉडल स्कूल के रूप में प्रारंभ हुई यह संस्था आज उत्कृष्टता और नवाचार की प्रेरक मिसाल बन गई है। वर्ष 2011 में स्थापित विद्यालय को वर्ष 2022 में सीएम राइज विद्यालय के रूप में विकसित किया गया। आधुनिक अधोसंरचना स्मार्ट कक्षाएं, सुसज्जित प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय, खेल सुविधाएं तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था ने विद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। विद्यालय की बढ़ती लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वर्ष 2022 में प्रवेश हेतु उपलब्ध 235 सीटों के लिए लगभग 5230 आवेदन प्राप्त हुए। पारदर्शी लॉटरी प्रणाली के माध्यम से विद्यार्थियों का चयन किया गया, जिसने विद्यालय की प्रतिष्ठा को और अधिक मजबूत किया।

विद्यालय में जहां पूर्व में लगभग 260 विद्यार्थी अध्ययनरत थे, वहीं वर्तमान में छात्र संख्या बढ़कर 736 तक पहुंच गई है। विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या के साथ-साथ शैक्षणिक उपलब्धियों में भी निरंतर वृद्धि दर्ज की गई है। शैक्षणिक सत्र 2025-26 में कक्षा 12वीं का परीक्षा परिणाम 95.30 प्रतिशत तथा कक्षा 10वीं का परिणाम 92.20 प्रतिशत रहा। वहीं राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में विद्यालय के 39 विद्यार्थियों में से 21 विद्यार्थियों का चयन हुआ। विद्यालय के विद्यार्थियों ने खेल, विज्ञान, गणित, ओलम्पियाड एवं अन्य प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिला एवं प्रदेश स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।

सिंगापुर अध्ययन यात्रा में जा चुका है विद्यालय परिवार

विद्यालय की उपलब्धियों को देखते हुए प्राचार्य एवं शिक्षकों को सिंगापुर में आयोजित शैक्षिक गुणवत्ता सुधार अध्ययन यात्रा में सहभागिता का अवसर प्राप्त हुआ। इस दौरान प्राप्त अनुभवों और नवाचारों को विद्यालय में लागू कर शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाया गया। सांदीपनि विद्यालय जीरापुर की यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि यदि संस्थागत नेतृत्व शिक्षक और विद्यार्थी एक साझा लक्ष्य के साथ कार्य करें तो शासकीय विद्यालय भी उत्कृष्टता के नए प्रतिमान स्थापित कर सकते हैं। आज यह विद्यालय जिले ही नहीं, बल्कि प्रदेश के अन्य विद्यालयों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन चुका है।


Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #Desksource #एनएन #टवर #आईट #DeskSource #णवत #यवस #जगढ़