नई दिल्ली । इस वर्ष इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी सैमसंग 20 से 45 हजार रुपए वाले स्मार्टफोन बाजार में 40 फीसदी की हिस्सेदारी प्राप्त करने का लक्ष्य लेकर चल रही है। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। कंपनी के पास 20,000 से 40,000 रुपए की स्मार्टफोन श्रेणी में फिलहाल 25 प्रतिशत की हिस्सेदारी है।
सैमसंग इंडिया में मोबाइल कारोबार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि कंपनी अपने हिस्सेदारी को बढ़ाने के लिए मूल्य नहीं बल्कि फ्लैगशिप उपकरण बनाकर आगे बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि गैलेक्सी ए 20,000 से 40,000 रुपए की श्रेणी में सबसे ज्यादा बिकने वाला मॉडल है और हम इस श्रेणी में अपनी स्थिति को और मजबूत कर रहे हैं।
उनका कहना है कि अनुमान के अनुसार इस श्रेणी के बाजार में कंपनी की हिस्सेदारी 25 फीसदी है। इस साल के आखिरी तक हम इस श्रेणी में अपनी हिस्सेदारी को बढ़ाकर 40 प्रतिशत करने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम इस लक्ष्य को गैलेक्सी ए श्रृंखला की बिक्री से हासिल करने का प्रयास करेंगे। कंपनी इस श्रृंखला में 4जी तकनीक में गैलेक्सी ए13, ए23 और 5जी तकनीक में ए33, ए53 और ए73 बेचती हैं।