मुंबई । डॉलर सूचकांक में गिरावट और घरेलू शेयर बाजार में बढ़त के कारण रुपया शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 13 पैसे चढ़कर 77.47 पर पहुंच गया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनियम बाजार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 77.47 पर खुला, जो पिछले बंद से 13 पैसे की बढ़त दर्शाता है।
रुपया गुरुवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 77.60 पर बंद हुआ था। बाजार के जानकारों का कहना है कि डॉलर सूचकांक की कमजोरी के चलते भारतीय रुपया शुक्रवार को डॉलर के मुकाबले मजबूत खुला। इसके अलावा अगले कुछ सत्रों में कच्चे तेल की कीमतों में कमजोरी की संभावना तथा एशियाई मुद्राओं की मजबूती से भी रुपए को बल मिल सकता है।