रॉयल निमाड़ ईगल्स की रोमांचक 3 विकेट से जीत
सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मध्यप्रदेश लीग टी-20 (सिंधिया कप) के अंतर्गत डेली कॉलेज मैदान पर खेले गए तीसरे लीग मुकाबले में आईसेक्ट इंडिया समूह की रॉयल निमाड़ ईगल्स ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए रीवा जगुआर्स को 3 विकेट से पराजित कर महत्वपूर्ण जीत दर्ज की। इस जीत के साथ रॉयल निमाड़ ईगल्स ने अब तक खेले गए तीन लीग मुकाबलों में अपनी दूसरी जीत हासिल कर प्रतियोगिता में अपनी दावेदारी को और मजबूत कर लिया है।
मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला करने वाली रॉयल निमाड़ ईगल्स के सामने रीवा जगुआर्स ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 130 रन बनाए। रीवा की ओर से अथर्व महाजन और अरहम अकील ने 33-33 रन का योगदान दिया।
रॉयल निमाड़ ईगल्स की ओर से कप्तान सारांश जैन ने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में मात्र 18 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। इसके अलावा प्लेयर डेवलपमेंट प्रोग्राम से चयनित देवेंद्र कठैत ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट जबकि पारुष मंडल और कुमार कार्तिकेय ने 1-1 विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजी को दबाव में बनाए रखा।
131 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल निमाड़ ईगल्स के बल्लेबाज आनंद बैस ने जिम्मेदारी भरी पारी खेलते हुए 56 गेंदों में 64 रनों की शानदार पारी खेली जिसमें 8 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। कप्तान सारांश जैन ने 26 गेंदों में 28 रन बनाए जबकि अभिषेक मावी ने नाबाद 15 रन की उपयोगी पारी खेलते हुए टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया।
रॉयल निमाड़ ईगल्स ने 19.3 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 136 रन बनाकर मुकाबला 3 विकेट से अपने नाम कर लिया। शानदार बल्लेबाजी के लिए आनंद बैस को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे लीग मुकाबले में मालवा स्टेलियंस को 8 विकेट से दी थी शिकस्त
इससे पूर्व 11 जून को खेले गए दूसरे लीग मुकाबले में रॉयल निमाड़ ईगल्स ने मालवा स्टेलियंस को 8 विकेट से पराजित किया था। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करते हुए रॉयल निमाड़ ईगल्स ने मालवा स्टेलियंस को 17.5 ओवर में 113 रन पर समेट दिया।
रॉयल निमाड़ ईगल्स की ओर से पारुष मंडल ने घातक गेंदबाजी करते हुए 2.5 ओवर में 1 मेडन, 11 रन देकर 5 विकेट हासिल किए। कप्तान सारांश जैन ने 4 ओवर में 33 रन देकर 2 विकेट, प्लेयर डेवलपमेंट प्रोग्राम से चयनित देवेंद्र कठैत ने 4 ओवर में 15 रन देकर 1 विकेट तथा कुमार कार्तिकेय ने 4 ओवर में 24 रन देकर 1 विकेट प्राप्त किया।
114 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल निमाड़ ईगल्स की ओर से हिमांशु मंत्री ने 27 गेंदों में 61 रनों की विस्फोटक पारी खेली जबकि कनिष्क दुबे ने 19 गेंदों में 26 रन और आनंद सिंह बैस ने 8 गेंदों में 16 रन बनाकर टीम को शानदार जीत दिलाई। उत्कृष्ट गेंदबाजी के लिए पारुष मंडल को मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
लगातार दो जीत के साथ रॉयल निमाड़ ईगल्स का आत्मविश्वास बढ़ा है और टीम आगामी मुकाबलों में भी इसी लय को बरकरार रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #Desksource #ईगल #एनएन #टवर #DeskSource #आईट #आईस #रदर