आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के रिजल्ट के बाद भाजपा में मुख्यमंत्री के चयन को लेकर भोपाल से लेकर दिल्ली तक हलचल तेज हो गई है। भाजपा के सभी केंद्रीय पदाधिकारी और मंत्री दिल्ली पहुंच गए हैं। आज देर शाम तक भाजपा संसदीय दल की बैठक हो सकती है। बैठक में मुख्यमंत्री का नाम फाइनल किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री चयन को लेकर भाजपा जल्द ही पर्यवेक्षकों की नियुक्ति कर सकती है। ये पर्यवेक्षक मध्यप्रदेश के विधायक दल की बैठक लेकर विधायक दल के नेता का चयन करेंगे। इसी बैठक के बाद तय हो जाएगा कि MP का मुख्यमंत्री कौन होगा।
इधर, हार के बाद MP कांग्रेस कमेटी के चीफ कमलनाथ ने सोमवार को सभी प्रत्याशियों की बैठक बुलाई है। यह बैठक मंगलवार सुबह 11 बजे कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय में होगी। इसमें हार के कारणों की विधानसभा वार समीक्षा की जाएगी। कांग्रेस को इस चुनाव में मात्र 66 सीट ही मिल पाई हैं, जबकि 2018 में कांग्रेस के 114 विधायक चुनकर आए थे।
16वीं विधानसभा के गठन की तैयारियां शुरू, आज बैठक
चुनाव परिणाम आने के एक दिन बाद प्रदेश में 16वीं विधानसभा के गठन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसे लेकर आज विधानसभा में बैठक होने वाली है। विधानसभा सचिवालय अब रजिस्ट्रेशन के लिए भोपाल पहुंचने वाले विधायकों के स्वागत और अन्य व्यवस्थाओं में जुट गया है। विधानसभा सचिवालय में प्रमुख सचिव एपी सिंह द्वारा बैठक लेकर अधिकारियों की ड्यूटी लगाने का काम किया जा रहा है। नई विधानसभा के गठन के लिए विधायकों के रजिस्ट्रेशन और आवास की व्यवस्थाओं को लेकर भी इस बैठक में जिम्मेदारी तय की जा रही है।
मायावती ने कहा- माहौल से परिणाम बिल्कुल अलग; यह रहस्यात्मक
मध्यप्रदेश और दूसरे राज्यों के नतीजों पर बसपा सुप्रीमो मायावती ने सवाल किए हैं। उन्होंने ट्वीट किया, ‘परिणाम एक पार्टी के पक्ष में एकतरफा होने से सभी लोगों का शंकित, अचंभित और चिंतित होना स्वाभाविक है, क्योंकि चुनाव के पूरे माहौल को देखते हुए ऐसा विचित्र परिणाम लोगों के गले के नीचे उतर पाना बहुत मुश्किल है। ‘
उन्होंने लिखा, ‘पूरे चुनाव के दौरान माहौल एकदम अलग और कांटे के संघर्ष जैसा दिलचस्प, लेकिन चुनाव परिणाम उससे बिल्कुल अलग होकर पूरी तरह से एकतरफा हो जाना, यह ऐसा रहस्यात्मक मामला है, जिस पर गंभीर चिंतन और इसका समाधान जरूरी। लोगों की नब्ज पहचानने में भयंकर ‘भूल-चूक’ चुनावी चर्चा का नया विषय है।’