आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : RBI यानी भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने बुधवार को कहा कि मई में महंगाई दर अप्रैल से भी कम आने की उम्मीद है। वहीं उन्होंने ये भी कहा कि लोन की ब्याज दरों में इजाफा पर रोक लगाना उनके हाथ में नहीं है। गवर्नर ने कहा की FY23 में GDP 7% से ज्यादा संभव है। कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री यानी CII के इवेंट में शक्तिकांत दास ने ये बात कही है।
2023-24 के लिए GDP अनुमान 6.5%
शक्तिकांत दास ने कहा कि सरकार ने 2023-24 के लिए GDP अनुमान 6.5% दिया है जबकि इंटरनेशनल मॉनेटरी फंड यानी IMF का अनुमान 5.9% है। उन्होंने कहा कि सर्विस सेक्टर और एग्री सेक्टर का प्रदर्शन काफी बेहतर रहा है। वहीं महंगाई पर बोलते हुए दास ने कहा कि आने वाले दिनों में रिटेल महंगाई 4.7% से कम रहने की उम्मीद है, लेकिन महंगाई से हमारा युद्ध अभी खत्म नहीं हुआ है।
महंगाई के स्तर से तय होती है ब्याज दर
ब्याज दरों में बढ़ोतरी को रोकने को लेकर दास ने कहा कि लोन की ब्याज दरों में इजाफा पर रोक लगाना उनके हाथ में नहीं है। फैसला ग्राउंड पर स्थिति और महंगाई के स्तर से ड्राइव होता हैं। अभी रेपो रेट 6.50% है। अप्रैल की पॉलिसी मीटिंग में इसमें बदलाव नहीं किया गया था। केंद्रीय बैंक की मॉनेटरी पॉलिसी पर फैसला करने के लिए अगली बैठक 6-8 जून को होगी।
ग्लोबल इकोनॉमी दबाव में
ग्लोबल इकोनॉमी पर शक्तिकांत दास ने कहा कि ये लंबे समय से जियो-पॉलिटिकल चुनौतियों, ऊंची महंगाई दर के दबाव का सामना कर रही है। भारत चालू वर्ष में ग्लोबल ग्रोथ में लगभग 15% का योगदान देगा।