सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया यानी RBI ने पेटीएम पेमेंट बैंक में डिपॉजिट और अन्य ट्रांजैक्शंस की डेडलाइन को 15 मार्च तक बढ़ा दिया है। आज यानी शुक्रवार 16 फरवरी को RBI ने इसे लेकर एक सर्कुलर जारी किया है। पिछले कुछ दिनों में सेंट्रल बैंक को लोगों के बहुत सारे सवाल भी मिले थे। उसके आधार पर, RBI ने एक FAQ (सवाल-जवाब) भी जारी किया है।
इससे पहले 31 जनवरी को जारी सर्कुलर में RBI ने कहा था कि 29 फरवरी के बाद पेटीएम पेमेंट बैंक के अकाउंट में पैसा जमा नहीं किया जा सकेगा। इस बैंक के जरिए वॉलेट, प्रीपेड सर्विसेज, फास्टैग और दूसरी सर्विसेज में पैसा नहीं डाला जा सकेगा।
पेटीएम की एक्सिस बैंक के साथ पार्टनरशिप
वहीं इस बीच पेटीएम ने कहा है कि उसने मर्चेंट्स पेमेंट्स के सेटलमेंट के लिए एक्सिस बैंक के साथ पार्टनरशिप की है। कंपनी ने प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि वन97 कम्युनिकेशंस ने अपने नोडल अकाउंट को एक्सिस बैंक में ट्रांसफर कर उस बैंक में एक एस्क्रो अकाउंट ओपन किया है।
वन97 कम्युनिकेशंस ने कहा कि नोडल अकाउंट को एक्सिस बैंक में ट्रांसफर करने से पहले की तरह बिना रुके मर्चेंट्स सेटलमेंट होते रहेंगे। कंपनी और RBI ने कंफर्म किया है कि पेटीएम QR, साउंडबॉक्स और कार्ड मशीन सभी मर्चेंट पार्टनर्स के लिए 15 मार्च के बाद भी हमेशा की तरह काम करती रहेंगी।
RBI के सवाल-जवाब जारी:
सवाल 1: मेरा पेटीएम पेमेंट्स बैंक में सेविंग या करंट अकाउंट है। क्या मैं 15 मार्च 2024 के बाद भी इस अकाउंट से पैसे निकालना जारी रख सकता हूं? क्या मैं पेटीएम पेमेंट्स बैंक की ओर से जारी अपने डेबिट कार्ड का उपयोग जारी रख सकता हूं?
जवाब: हां। आप अपने अकाउंट में बैलेंस रहने तक अपने फंड को विड्रॉ या ट्रांसफर करना जारी रख सकते हैं। इसी प्रकार, आप अपने अकाउंट में उपलब्ध फंड को निकालने के लिए अपने डेबिट कार्ड का उपयोग जारी रख सकते हैं।
सवाल 2: मेरे पास पेटीएम पेमेंट्स बैंक में एक सेविंग या करंट अकाउंट है। क्या मैं 15 मार्च 2024 के बाद इस अकाउंट में पैसे जमा कर सकता हूं?
जवाब: नहीं, 15 मार्च 2024 के बाद आप पेटीएम पेमेंट्स बैंक में अपने अकाउंट में पैसे जमा नहीं कर पाएंगे। ब्याज, कैशबैक, पार्टनर बैंक से स्वीप-इन या रिफंड के अलावा किसी भी क्रेडिट या डिपॉजिट की अनुमति नहीं है।
सवाल 3: मेरी सैलरी पेटीएम पेमेंट्स बैंक में मेरे अकाउंट में जमा की जाती है। क्या मैं इस अकाउंट में अपनी सैलरी प्राप्त करना जारी रख सकता हूं?
जवाब: नहीं, 15 मार्च 2024 के बाद, आप पेटीएम पेमेंट्स बैंक के साथ अपने अकाउंट में ऐसा कोई क्रेडिट प्राप्त नहीं कर पाएंगे। असुविधा से बचने के लिए आप 15 मार्च 2024 से पहले किसी अन्य बैंक के साथ वैकल्पिक व्यवस्था कर लें।