नई दिल्ली । भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने पंजाब एंड सिंध बैंक पर नियमों का उल्लंघन करने पर 27 लाख रुपए से ज्यादा का जुर्माना लगाया है। पंजाब एंड सिंध बैंक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, जवाब संतोषजनक नहीं था और नियम उल्लंघन की बात सही साबित हुई। इस वजह से 27.5 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है। आरबीआई के मुताबिक पंजाब एंड सिंध बैंक ने बाहरी बेंचमार्क-आधारित कर्ज पर जारी कुछ निर्देशों का पालन नहीं किया था।

हालांकि, आरबीआई ने स्पष्ट किया कि बैंक द्वारा अपने ग्राहकों के साथ किए गए किसी भी लेनदेन या समझौते की वैधता पर सवाल करने का इरादा नहीं है। आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को शेयर 15.30 रुपए के स्तर पर था। शेयर के भाव में एक दिन पहले के मुकाबले 0.97 फीसदी की गिरावट आई है। बता दें कि बीते वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में पंजाब एंड सिंध बैंक का मुनाफा दोगुना से अधिक होकर 346 करोड़ रुपए पर पहुंच गया है। बैंक के मुताबिक डूबा कर्ज घटने से उसका मुनाफा बढ़ा है। पंजाब एंड सिंध बैंक ने वित्त वर्ष 2020-21 की समान तिमाही में 160.79 करोड़ रुपए का शुद्ध लाभ कमाया था।