आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : कल की बड़ी खबर किसानों से जुड़ी रही। केंद्र सरकार ने रबी सीजन 2023-24 के लिए फर्टिलाइजर सब्सिडी को मंजूरी दे दी है। इससे देश के 12 करोड़ किसानों को फायदा होगा।
एक्सिस बैंक ने फाइनेंशियल ईयर 2024 की दूसरी तिमाही के नतीजे जारी किए। बैंक को 10% की ग्रोथ के साथ ₹5,864 करोड़ का नेट प्रॉफिट हुआ है।
वहीं गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (GST) को लेकर ऑनलाइन गेमिंग कंपनियों को GST अथॉरिटीज की ओर से अब तक 1 लाख करोड़ रुपए का कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट, जिन पर रहेगी नजर…
पैरागॉन फाइन एंड स्पेशलिटी केमिकल्स का IPO आज खुलेगा और सोमवार 30 अक्टूबर को बंद होगा। IPO का प्राइस बैंड ₹95 से ₹100 के बीच तय किया गया है। निवेशक न्यूनतम 1200 शेयरों के लिए और उसके मल्टिपल्स में बोली लगा सकते हैं।
आज एशियन पेंट्स, कैनरा बैंक, कोलगेट, इंडियन बैंक, ACC, डिक्सन टेक्नोलॉजीज, डीबी कॉर्प, पंजाब नेशनल बैंक, वोडाफोन आइडिया, रिलायंस इंडस्ट्रियल इंफ्रा सहित कई कंपनियां दूसरी तिमाही यानी जुलाई-सितंबर के नतीजे जारी करेंगी।
शेयर बाजार में आज गिरावट देखने को मिल सकती है। इससे पहले बुधवार को भी मार्केट में गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स 522 अंक गिरकर 64,049 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी में भी 159 अंक की गिरावट रही, यह 19,122 पर बंद हुआ था।
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में आज भी कोई बदलाव नहीं हुआ है। फिलहाल, दिल्ली में पेट्रोल 96.72 रुपए लीटर है, तो डीजल 89.62 रुपए लीटर के हिसाब से बिक रहा है। वहीं मुंबई में पेट्रोल 106.31 रुपए और डीजल 94.27 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है।
अब कल की बड़ी खबरें…
- सरकार ने फर्टिलाइजर के लिए तय किए सब्सिडी के रेट: रबी सीजन में 12 करोड़ किसानों को मिलेगी राहत, ₹22,303 करोड़ खर्च होंगे
केंद्र सरकार ने रबी सीजन 2023-24 के लिए फर्टिलाइजर सब्सिडी को मंजूरी दे दी है। इससे देश के 12 करोड़ किसानों को फायदा होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई मीटिंग में फर्टिलाइजर सब्सिडी के नए रेट पर फैसला लिया गया।
सरकार फर्टिलाइजर्स की कीमतों को कम रखने के लिए सीधे इनकी प्रोड्यूसिंग कंपनियों को सब्सिडी देती है, ताकि इनके प्रोडक्ट सब्सिडी के साथ किसानों तक पहुंच सकें। इससे सरकारी खजाने पर इससे 22,303 करोड़ रुपए का बोझ पड़ेगा।
- ऑनलाइन गेमिंग कंपनियों को ₹1 लाख करोड़ का नोटिस : GST अथॉरिटीज ने गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स को लेकर मांगा जवाब
गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (GST) को लेकर ऑनलाइन गेमिंग कंपनियों को GST अथॉरिटीज की ओर से अब तक 1 लाख करोड़ रुपए का कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। ये जानकारी सरकार के एक सीनियर अधिकारी ने मीडिया को दी है।
यह मामला 1 अक्टूबर 2023 तक के पीरियड से जुड़ा है, जिसमें ऑनलाइन गेमिंग कंपनियों की सर्विसेज पर गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स 18% की बजाय 28% की दर से GST लग रहा है।