आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल की सातों विधानसभा क्षेत्रों में वोटिंग कराने के बाद मतदान दल रात 3 बजे तक मतदान सामग्री जमा कराते रहे। इसके बाद ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम में रखी जाने लगी। यह काम शनिवार सुबह तक चलता रहा। स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर सुरक्षा का कड़ा घेरा है।
वोटिंग खत्म होने के बाद रात 8 बजे से मतदान लाल परेड ग्राउंड और एमवीएम ग्राउंड लौटने लगे थे। यह सिलसिला रात 3 बजे तक चलता रहा। मतदान सामग्री जमा कराने के लिए दोनों ही ग्राउंड पर विधानसभा वार व्यवस्था की गई थी। ताकि, मतदान दलों को किसी प्रकार की दिक्कतें न हो। सामग्री जमा कराने के बाद मतदान कर्मचारी घरों को लौट गए।
रात में ही ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम में रखी जाने लगी
मतदान सामग्री जमा होने के बाद रात साढ़े 3 बजे से ईवीएम पुरानी जेल स्थित स्ट्रॉन्ग रूम में रखी जाने लगी। तीन विधानसभा की ईवीएम सुबह 7 बजे तक रख दी गई। वहीं, बाकी विधानसभा की ईवीएम 10 बजे बाद तक रखी जाने लगी। पूरे समय कलेक्टर आशीष सिंह, निगम कमिश्नर नोबल फ्रैंक ए., एडीएम प्रकाश सिंह चौहान, उप निर्वाचन अधिकारी रविशंकर राय आदि अफसर मौजूद रहे।
सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी
स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की गई है। यहां ऑर्म्स फोर्स तैनात किया गया है। वहीं, स्ट्रॉन्ग रूम में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।