आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भिण्ड-इटावा हाईवे को जोड़ने वाला नेशनल हाईवे 719 क्वांरी नदी पुल की हालत खराब है। पुल पर कंपन बढ़ने से स्लैव अपनी जगह से खिसक रहे हैं। ऐसे में 27 नवंबर की सुबह सात बजे से हैवी वाहनों पर रोक लगाई गई है। पुल के संधारण का कार्य शुरू हो चुका है। ये मेंटेनेंस वर्क आगामी 10 दिसंबर तक चलेगा।
यह जानकारी देते हुए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी भिण्ड संजीव श्रीवास्तव ने बताया कि दीनपुरा के पास क्वांरी नदी का संधारण कार्य करने हेतु पुल पर से यातायात की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए भारी वाहनों के आवागमन को पूर्णतः प्रतिबंधित किया है। पुल पर लाइट व्हीकल का आवागमन रहेगा।
यह मेंटेनेंस वर्क पीएनसी कंपनी को दिया गया है। यह संधारण कार्य एमपीआरडीसी के माध्यम से कराया जा रहा है। बताया गया हैकि ग्वालियर – भिण्ड -इटावा मार्ग के किमी. 96.00 में स्थित क्वारी नदी पर निर्मित सेतु लगभग 65 वर्ष पुराना है। उक्त पुल पर वाहन आवागमन के दौरान अधिक कंपन होने के कारण तकनीकी परीक्षण मोबाईल ब्रिज इंस्पेक्शन यूनिट (MBIU) के माध्यम से कराया जाने के उपरांत उक्त पुल का संधारण कार्य करने हेतु यातायात की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए भारी वाहनों पर रोक लगाई गई है।
भिंड और फूप की बढ़ेगी दूरी
पुल पर मेंटेनेंस कराए जाने से भिंड और फूप की दूरी बढ़ जाएगी कारण यह है कि अब भिंड और फूप का आवागमन सीधे न होकर घूमकर रहेगा। मेंटेनेंस अवधि तक रास्ता परिवर्तित कर इटावा से भिण्ड की ओर आने वाले वाहन फूफ से ऊमरी–भिण्ड अथवा फूफ से सूरपूरा-प्रतापपुरा-भिण्ड की ओर जायेंगे एवं भिण्ड से इटावा की ओर जाने वाले वाहन भिण्ड-ऊमरी-कनावर-फूफ अथवा भिण्ड-प्रतापपुरा-सूरपुरा-फूफ की ओर होते हुए जायेंगे।