आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : आज यानी 4 नवंबर शनिवार और 5 नवंबर, रविवार को पुष्य नक्षत्र है। सभी नक्षत्रों में पुष्य को राजा का दर्जा मिला है, इसलिए इस दौरान निवेश को शुभ माना गया है। ऐसे में अगर आप किसी भी तरह के निवेश का प्लान बना रहे हैं तो यहां हम निवेश के 5 अलग-अलग ऑप्शन के बारे में बता रहे हैं। आप अपने रिस्क के हिसाब से इनमें निवेश कर सकते हैं और रिटर्न कमा सकते हैं।

  1. डेट इंस्ट्रूमेंट में निवेश

डेट इंस्ट्रूमेंट में निवेश करने पर रिटर्न करीब-करीब गारंटिड होता है। इन इंस्ट्रूमेंट्स में ब्याज पहले से तय होता है। कंपनी या संस्था, पैसा जुटाने के लिए इस निवेश माध्यम का इस्तेमाल करती हैं। निवेशक निश्चित ब्याज आय कमाने के लिए इसमें निवेश करता है। इन इंस्ट्रूमेंट्स में लॉन्ग टर्म या शॉर्ट टर्म के लिए निवेश किया जा सकता है।

निवेश कैसे कर सकते हैं: बैंक और पोस्ट ऑफिस के जरिए इसमें निवेश किया जा सकता है।

किसे निवेश करना चाहिए: जो लोग बिल्कुल भी रिस्क नहीं चाहते वो इसमें निवेश कर सकते हैं।

  1. इक्विटी में निवेश

इक्विटी का मतलब है किसी कंपनी में शेयर। इक्विटी निवेश में हाई रिटर्न की संभावना रहती है, जिससे आप समय के साथ अपनी वेल्थ बढ़ा सकते हैं। स्टॉक, एक्सचेंज-ट्रेडेड फंड और म्युचुअल फंड के जरिए इसमें निवेश किया जा सकता है। इसमें बाजार में अस्थिरता जैसे रिस्क शामिल हैं, इसलिए लॉन्ग टर्म निवेश को बेहतर माना जाता है।

निवेश कैसे कर सकते हैं: इसके लिए ब्रोकर के पास डीमैट और ट्रेडिंग अकाउंट खुलवाना होगा।

किसे निवेश करना चाहिए: जो लोग रिस्क उठाने की क्षमता रखते हैं वो इसमें निवेश कर सकते हैं।

  1. सोने-चांदी में निवेश

अगर आपको सोने-चांदी में निवेश करना पसंद है तो फिजिकल गोल्ड जैसे ज्वेलरी या सोने के बिस्किट-सिक्कों में निवेश कर सकते हैं। इसके अलावा गोल्ड एक्सचेंज-ट्रेडेड फंड्स, सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड में निवेश किया जा सकता है। यहां निवेश करने पर इक्विटी से कम रिस्क है। रिटर्न भी डेट इंस्ट्रूमेंट से ज्यादा मिलने की संभावना रहती है।

निवेश कैसे कर सकते हैं: गोल्ड एक्सचेंज-ट्रेडेड फंड में निवेश के लिए डीमैट अकाउंट होना चाहिए। जबकि फिजिकल गोल्ड ज्वेलर्स के पास से खऱीदा जा सकता है।

किसे निवेश करना चाहिए: कम रिस्क के साथ अच्छे रिटर्न के लिए इसमें निवेश कर सकते हैं।

  1. कमोडिटी में निवेश

इक्विटी मार्केट में लिस्टेड कंपनियों के शेयर खरीदे और बेचे जाते हैं। वहीं कमोडिटी मार्केट में कच्चे माल जैसे काली मिर्च, धनिया, जीरा, हल्दी, मेटल को बेचा और खरीदा जाता है। भारत में कमोडिटी ट्रेडिंग के लिए दो प्रमुख एक्सचेंज हैं। इसमें मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी MCX और नेशनल कमोडिटी एंड डेरिवेटिव्स एक्सचेंज यानी NCDEX.

निवेश कैसे कर सकते हैं:निवेश के लिए ब्रोकर के पास डिमैट अकाउंट की जरूरत होगी।

किसे निवेश करना चाहिए: जो लोग रिस्क उठाने की क्षमता रखते हैं वो इसमें निवेश कर सकते हैं |