सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : नारियलखेड़ा में जनविश्वास अभियान के तहत जनकल्याण शिविर आयोजित
मध्यप्रदेश शासन द्वारा नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और जन-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत को नारियलखेड़ा दशहरा मैदान के पास सामुदायिक केंद्र, वार्ड क्रमांक-12 में जन-कल्याण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में सांसद आलोक शर्मा ने सहभागिता कर आमजन से आत्मीय संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं जनसमस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त किए तथा संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को आवेदनों का त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सांसद शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के माध्यम से शासन को जनता के द्वार तक पहुंचाकर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना और प्रत्येक जायज समस्या का संवेदनशीलता के साथ समाधान करना शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सेवा, सुशासन और जनविश्वास के संकल्प के साथ समाज की अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं और सुविधाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
शिविर में नागरिकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान करने की कार्यवाही की गई। अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं को सुगम एवं पारदर्शी तरीके से आमजन तक पहुंचाने के साथ स्थानीय समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करना है।
कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के माध्यम से पात्र नागरिकों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं सुगम तरीके से उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कॉलोनियों से संबंधित समस्याओं के व्यवस्थित एवं त्वरित निराकरण के लिए कलेक्ट्रेट में समर्पित ‘कॉलोनी सेल’ का गठन किया गया है।
कलेक्टर मिश्रा ने स्थानीय निवासियों से अपने क्षेत्रों में रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) गठित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आरडब्ल्यूए के माध्यम से कॉलोनियों की समस्याओं को साझा मंच पर प्रभावी ढंग से उठाने और उनके निराकरण में सुविधा होगी। उन्होंने अधिकारियों को शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों एवं शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आंगनवाड़ी केंद्र और वाटर टैंक का निरीक्षण जन-कल्याण शिविर के बाद कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने नारियलखेड़ा क्षेत्र में संचालित आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-216 का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र की व्यवस्थाओं, बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा संबंधित कार्यों की जानकारी ली। इसके साथ ही कलेक्टर ने क्षेत्र में निर्माणाधीन वाटर टैंक का भी निरीक्षण किया और निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शिविर में महापौर मालती राय, नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन, पार्षद देवेंद्र भार्गव, पार्षद शैलेश साहू सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #Desksource #यलख #जनव #तहत #DeskSource #जनकल #एनएन #टवर