सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार (1 मई) को गुजरात दौरे पर हैं। पहले दिन वे दोपहर 3.30 बजे बनासकांठा पहुंचेंगे। यहां डीसा में उनकी जनसभा है। इसके बाद शाम 5.15 बजे साबरकांठा जाएंगे। यहां पर भी PM जनसभा को संबोधित करेंगे।

BJP ने बनासकांठा लोकसभा सीट से रेखाबेन चौधरी को अपना कैंडिडेट बनाया है। वहीं, साबरकांठा से तुषार चौधरी को मैदान में उतारा है। 7 मई को तीसरे फेज में गुजरात की 26 में से 25 लोकसभा सीटों पर वोटिंग होनी है।

इसका कारण यह है कि गुजरात की सूरत लोकसभा सीट निर्विरोध BJP के खाते में आ चुकी है। यहां से BJP के मुकेश दलाल के निर्विरोध चुन लिया गया है।

क्षत्रिय समाज के प्रदर्शन को लेकर अलर्ट

केंद्रीय मंत्री परषोत्तम रूपाला के बयान के विरोध में गुजरात में जगह-जगह क्षत्रिय समाज का विरोध प्रदर्शन जारी है। इसके चलते प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है। दोपहर 2 बजे से शाम 7 बजे तक साबर डेयरी तीन सड़क से रामपुरा चार सड़क तक 6 घंटे के लिए सड़क बंद रहेगी।

साबर डेयरी तीन सड़क से तलोद जाने वाले वाहनों को रामपुर चार सड़क से सलाल होते हुए गुजरना होगा। वहीं, हिम्मतनगर की ओर आने वाले वाहनों को रामपुरा चार रोड से सलाल होते हुए गुजरना होगा।

जब तक मैं जिंदा हूं धर्म के आधार पर मुसलमानों को आरक्षण नहीं देंगे

मंगलवार को पीएम मोदी ने महाराष्ट्र और तेलंगाना में चुनावी सभा की थीं। तेलंगाना के संगारेड्‌डी में PM मोदी ने कहा था कि कांग्रेस वाले मुसलमानों को रातोंरात OBC बना देते हैं। हमारे तेलंगाना में जो लिंगायत, मराठा समाज के लोग हैं, उसमें 26 जातियां ऐसी हैं जो OBC में जाने की मांग कर रही हैं।

PM ने आगे कहा था कि लंबे समय से इस पर चर्चा चल रही है। कांग्रेस वालों को मराठा, लिंगायत, इन 26 जातियों को OBC बनाना मंजूर नहीं है। जब तक मैं जिंदा हूं, SC, ST और OBC की कीमत पर धर्म के आधार पर मुसलमानों को आरक्षण नहीं देंगे।