छिंदवाड़ा जबलपुर । अपनी मांगें को लेकर पटवारी आंदोलन की राह छोड़ते नहीं दिख रहे है। गुरुवार को दसवें दिन भी पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रही। कलेक्ट्रेट के तहसील परिसर में पंडाल लगाकर पटवारी रोज यहां एकत्र हो रहे है और धरने में बैठकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर अपने हक की आवाज बुलंद कर रहे है। जिला पटवारी संघ ने अपनी मांगों को लेकर अब तक दर्जनों बार कलेक्ट्रेट में दस्तक दी है। जिला प्रशासन पटवारियों का मांग पत्र शासन को भेज चुका है लेकिन शासन स्तर पर कोई फैसला न होने से हड़ताल जारी है। हड़ताल में जिले के 317 हल्कों के पटवारी शामिल है। पटवारी संघ ने शासन से मांग की है कि नवीन पटवारी भर्ती में सीपीसीटी की अनिवार्यता समाप्त की जाए। पटवारियों के लिए स्वीकृत वेतनमान का भुगतान किया जाए। पटवारियों को गृह जिले में पदस्थापना देने से प्रतिबंध हटाया जाए। साथ ही समयमान वेतनमान तत्काल लागू किया जाए। इस अवसर पर पटवारी संघ के जिलाध्यक्ष सुरेश सूर्यवंशी, सी चौरिया, हेमलता गढ़ेवाल, रवि चरपे, साबिर खान, संजय वानखेड़े, सुधीर चौधरी, ज्ञापन देव राऊत, प्रतिभा कराड़े, प्रदीप अग्निहोत्री सहित बड़ी संख्या में पटवारी मौजूद थे।