आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल के हबीबगंज इलाके में रहने वाले एक अधेड़ व्यक्ति ने शुक्रवार को घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतक के पास पर्ची में लिखा एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें पत्नी के व्यवहार से परेशान होने की बात लिखी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। जिसके बाद परिजनों के बयानों को दर्ज किया जाएगा।
टीआई मनीष राज सिंह भदौरिया के मुताबिक गौतम मेहदेले (50) साईबाबा नगर हबीबगंज में पत्नी के साथ रहते थे। दोनों लोग बंगलों में काम करते थे। पास ही अलग मकान में उनके बेटे और बहू का परिवार भी रहता है। शुक्रवार दोपहर गौतम घर पर अकेले थे, जबकि पत्नी काम पर गई थी।
शाम करीब 7 बजे बड़ी बहू घर पहुंची तो गौतम दिखाई नहीं दिए और बाथरूम का दरवाजा काफी देर तक बंद मिला। आवाज देने के बाद भी जब गौतम नगर दरवाजा नहीं खोला तो उसने पति और परिजनों को जानकारी दी।
किसी तरह दरवाजा खोला गया तो अंदर गौतम फांसी के फंदे पर लटके मिले। उन्हें फंदे से उतारकर इलाज के लिए जयप्रकाश अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चेक करने के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।