आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मध्यप्रदेश में रात के साथ दिन में भी गुलाबी ठंड का असर है। प्रदेश के 22 शहरों में दिन का टेम्प्रेचर 30 डिग्री के नीचे चल रहा है। इंदौर-ग्वालियर शहर पचमढ़ी से भी ठंडे हैं। वहीं, ग्वालियर-पचमढ़ी की रातें भी सबसे ठंडी हैं।
मौसम वैज्ञानिक अशफाक हुसैन ने बताया कि 20 नवंबर तक मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा। इसके बाद वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, बादल भी छाने का अनुमान है।
हुसैन ने बताया कि 19 नवंबर से वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहा है। इसका असर मध्यप्रदेश में 20 नवंबर से दिखाई देने लगेगा। ऐसे में तापमान में हल्की गिरावट होगी। तब तक दिन-रात का तापमान नॉर्मल रहेगा। बारिश का अनुमान तो नहीं है, लेकिन अरब सागर से नमी आने के कारण बादल बन सकते हैं।
ये शहर दिन में सबसे ठंडे रहे
बालाघाट जिले के मलाजखंड में शुक्रवार को दिन का तापमान 26.4 डिग्री रहा, जो सबसे कम है। इसके बाद बैतूल, रायसेन, शिवपुरी में पारा 27 डिग्री तक रहा। इंदौर में तापमान 27.4 और ग्वालियर में 27.7 डिग्री तक पहुंच गया। प्रदेश के हिल स्टेशन पचमढ़ी में तापमान 28.2 डिग्री रहा। नौगांव, खजुराहो, सागर, रीवा, उज्जैन, जबलपुर, धार, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, रतलाम, सिवनी, दमोह, गुना और सतना में तापमान 30 डिग्री के नीचे ही रहा। शनिवार को भी तापमान ऐसा ही रहने का अनुमान है।
रात में भी ठंड का असर
गुरुवार-शुक्रवार की रात में ग्वालियर में पारा 11.2 डिग्री रहा, जो प्रदेश में सबसे कम है। वहीं, पचमढ़ी में पारा 11.6 डिग्री दर्ज किया गया। दतिया, गुना, रायसेन, उमरिया, मलाजखंड, नौगांव में पारा 12 डिग्री या इसके आसपास रहा।
नवंबर में पहली बार भोपाल में 28.5 डिग्री तापमान
नवंबर में पहली बार शुक्रवार को भोपाल में दिन का तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक दिन पहले गुरुवार को पारा 28.8 डिग्री रहा था। हालांकि, रात में तापमान 15 डिग्री सेल्सियस है।