सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : निशातपुरा कारखाने में राजभाषा पखवाड़ा-2026 शुरू रेल मंत्रालय, रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार सवारी डिब्बा पुनर्निर्माण कारखाना, निशातपुरा, भोपाल में राजभाषा पखवाड़ा-2026 एवं ‘हिंदी में हस्ताक्षर करें’ अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कारखाना राजभाषा कार्यान्वयन समिति के अध्यक्ष एवं उप मुख्य यांत्रिक अभियंता, सवारी डिब्बा पुनर्निर्माण कारखाना, भोपाल पी.एस. रघुवंशी द्वारा हिंदी में हस्ताक्षर कर किया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में समिति अध्यक्ष पी.एस. रघुवंशी ने माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया। इसके पश्चात 1 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किए जाने वाले ‘राजभाषा उत्सव’ का आगाज ‘हिंदी में हस्ताक्षर करें’ अभियान के माध्यम से किया गया।
इसके उपरांत कारखाना राजभाषा कार्यान्वयन समिति की जून 2026 को समाप्त तिमाही की 89वीं बैठक आयोजित की गई। बैठक के प्रारंभ में कार्य प्रबंधक अक्षय गंगरवाल ने पौधा भेंटकर समिति अध्यक्ष पी.एस. रघुवंशी का स्वागत किया। तत्पश्चात संपर्क राजभाषा अधिकारी एवं सहायक कार्मिक अधिकारी संदीप शर्मा ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने कार्यालय में आयोजित किए जाने वाले राजभाषा पखवाड़े के अंतर्गत प्रस्तावित विभिन्न प्रतियोगिताओं तथा बैठक की रूपरेखा के संबंध में संक्षिप्त जानकारी दी।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में पी.एस. रघुवंशी ने कहा कि यह प्रसन्नता का विषय है कि कारखाने में राजभाषा हिंदी के प्रयोग एवं प्रसार का कार्य पूर्ण निष्ठा और सक्रियता के साथ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हम ‘क’ क्षेत्र में निवास करते हैं तथा हिंदी हमारी राजभाषा होने के साथ-साथ मातृभाषा भी है। ऐसे में भारत सरकार की राजभाषा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि “हम जो परिकल्पना अपनी भाषा में कर सकते हैं, वह दूसरी भाषा में संभव नहीं है, फिर चाहे हम उस भाषा में कितने ही निपुण क्यों न हों।”
रघुवंशी ने कहा कि केंद्रीय सरकारी कर्मचारी होने के नाते राजभाषा नीति का अनुपालन सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों, शॉप एवं अनुभाग प्रभारियों को राजभाषा हिंदी के संवैधानिक प्रावधानों की जानकारी देते हुए हिंदी के विकास, प्रयोग एवं प्रसार में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने सरकारी कामकाज में हिंदी के प्रयोग का प्रतिशत बढ़ाने के संबंध में अपने रचनात्मक सुझाव भी साझा किए।
उन्होंने राजभाषा अनुभाग द्वारा आयोजित ‘हिंदी में हस्ताक्षर करें’ अभियान की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए अभियान से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी तथा आगामी हिंदी प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। बैठक में कारखाने के विभिन्न विभागों के अधिकारी, शॉप एवं अनुभाग प्रभारी, पर्यवेक्षक, मुख्य कार्यालय अधीक्षक तथा उनके प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन नीतिराज चौरे ने किया तथा संपर्क राजभाषा अधिकारी संदीप शर्मा ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #Desksource #पखव #2026 #एनएन #DeskSource #टवर #आईट #वयन