आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भाेपाल के निशातपुरा रेलवे स्टेशन पर झुलसे मिले 10वीं के छात्र की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। इसके एक सप्ताह बाद भी पुलिस की जांच बेनतीजा है। मंगलवार को पुलिस मृतक के भाई को लेकर घटना स्थल पहुंची। वहां से जले हुए कपड़े, स्कूल शूज को जब्त किया है। लेकिन, सीसीटीवी फुटेज खंगालना अब भी बाकी है। इधर, बच्चे की मौत का कारण जानने परिजन लगातार थाने के चक्कर काट रहे हैं।
भाई ने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए
अभिषेक साहू ने बताया- हम कल्याण नगर में रहते हैं। मेरा छोटा भाई तरुण साहू (16) रितिक काॅन्वेंट स्कूल में पढ़ता थ। वह इस वार 10वीं कक्षा में था। रोज की तरह 7 नवंबर की सुबह 7:30 बजे घर से स्कूल की ड्रेस पहनकर निकला था। सुबह 10 बजे मेरे मोबाइल पर कॉल आया। कॉल करने वाले ने स्वयं को एंबुलेंस चालक बताया। उसने कहा कि आपका भाई तरुण निशातपुरा रेलवे स्टेशन के एक प्लेटफार्म पर जली हुई हालत में मिला है।
हम उसे हमीदिया अस्पताल ले जा रहे हैं। मैने उससे पूछा कि वह कैसे जला? इस पर उसने कुछ भी पता नहीं होने का कहा। स्टेशन पर भी किसी ने नहीं बताया कि वह कैसे जला है। हमीदिया अस्पताल में इलाज के दौरान शुक्रवार की रात उसकी मौत हो गई।
दो थाने के चक्कर काट रहे परिजन
अभिषेक ने कहा- भाई की मौत से अब तक जीआरपी और छोला थाने के चक्कर काट रहे। पुलिस कार्रवाई के लिए एक-दूसरे पर टाल रही है। छोला मंदिर पुलिस का कहना था कि घटना जीआरपी थाना क्षेत्र की है। जीआरपी वाले कहते रहे घटना स्थल छोला थाना क्षेत्र में आता है। इस बीच भाई के मरणासन्न बयान भी दर्ज नहीं किए जा सके।
बीते शुक्रवार को उसकी मौत भी हो गई। शनिवार की दोपहर तक पंचनामा कार्रवाई के लिए पुलिस मॉर्चुरी नहीं आई। मेरे भाई की बॉडी रखी रही। छोला थाना में कॉल किया तो थाना प्रभारी ने जीआरपी थाने के टीआई जहीर खान का मोबाइल नंबर दे दिया। उनसे बात करी तो कुछ देर में पुलिसकर्मी भेजने का हवाला दिया। बमुश्किल पुलिसकर्मी आए, पंचनामा के बाद पीएम कराया गया। शव हमें दिया, हमने अंतिम संस्कार कर दिया। इसके बाद मंगलवार की दोपहर तक पुलिस ने मामले की कोई सुध नहीं ली। हम स्वयं मंगलवार दोपहर जीआरपी थाने पहुंचे।
तब टीआई जहीर खान ने घटना स्थल पर चलने को कहा। वहां पहुंचे तो स्पॉट पर भाई के जले हुए जूते, कपड़े एक कोने में रखे मिले। उन्हें अब पुलिस ने जब्त किया। हमें सीसीटीवी कैमरे चेक करने का आश्वासन दिया है। भाई की मौत का रहस्य अब भी बरकरार है। पुलिस चुनावी व्यस्तता का हवाला देकर गंभीरता से जांच नहीं कर रही है।
भाई की मौत के बाद से मां की हालत खराब है। रो-रोकर आंखों से आंसू सूख चुके हैं। वह जानना चाहती हैं, आखिर भाई की मौत कैसे हुई? पुलिस की जांच की गति को देख ऐसा लग रहा है कि उन्हें मेरे भाई की मौत की जांच से कोई लेना-देना ही नहीं है। टीआई कह रहे हैं सब्र करो पीएम रिपोर्ट में मौत के सही कारणों का खुलासा हो जाएगा। हम कैसे सब्र करें, घर का सबसे छोटा बेटा जा चुका है।
स्कूल बंक कर निकला था तरुण
परिजनों का कहना है कि घटना के बाद स्कूल में पता किया। वहां बताया गया कि घटना के दिन तरुण स्कूल नहीं पहुंचा था। उस दिन पूर्व 4-5 साथियों के साथ घूमता देखा गया था। वह कौन हैं, इसका पता सीसीटीवी कैमरों के फुटेज से लग सकता है। लेकिन, पुलिस ने अब तक CCTV फुटेज तक नहीं खंगाले।
थाना प्रभारी बोले- घटना की जांच जारी
जीआरपी थाना प्रभारी जहीर खान ने बताया कि घटना की जांच जारी है। पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। जिसके बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।