आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : चुनाव निपटने के बाद निगमायुक्त आयुक्त हर्ष सिंह ने पहली समीक्षा बैठक लेकर हर क्षेत्र में कसावट करने के निर्देश दिए। इसका असर बैठक खत्म होने के बाद फील्ड में दिखाई दिया। मदाखलत अमला सड़कों पर खड़े ठेले-गुमठियों को हटाने पहुंचा गया। वहीं पार्कों में साफ-सफाई के फोटो निगम के ग्रुप में दिखाई देने लगी। सीएंडडी वेस्ट कचरा उठाने के लिए सड़कों पर डंपर घूमते नजर आए। कार्रवाई के दौरान 100 टन टीएंडडी वेस्ट उठाया और 45 हजार का जुर्माना भी लगाया गया। वहीं 25 गुमठियों को हटाया। इसमें से पांच को जब्त किया गया।
इससे पूर्व बैठक में आयुक्त ने अपर आयुक्त रजनी शुक्ला से पूछा कि कितना पैसा बचा है। उन्होंने कहा कि तीन करोड़ रुपए ही है। ऐसे में अगले महीने वेतन बांटने पर असर दिख सकता है। आयुक्त ने कहा कि सिर्फ जरूरी निर्माण कार्य हों। निगम में पैसा कैसे बचाया जा सकता है, सभी विभाग प्रमुख 15 दिन में अपर आयुक्त को बताएं। उन्होंने फायर एनओसी मिलने में हो रही देरी पर उपायुक्त डॉ.अतिबल सिंह यादव से पूछा। जवाब से असंतुष्ट नजर आए आयुक्त ने निर्देश दिए कि समय सीमा में फायर एनओसी दे। यदि देरी हुई तो एक्शन लिया जाएगा। आयुक्त ने भवन अनुमति नहीं लेने वालों की सूची सात दिन में तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
निगम मुख्यालय के सभागार में आयोजित बैठक में आयुक्त ने निर्देश दिए कि जो भी कार्य किए जा रहे हैं, वह आदर्श आचार संहिता के अनुकूल ही किए जाएं। किसी भी प्रकार के कार्य में आचार संहिता का उल्लंघन न हो यह संबंधित अधिकारी सुनिश्चित करें। बैठक में अपर आयुक्त आरके श्रीवास्तव, अपर आयुक्त वित्त जनी शुक्ला, उपायुक्त अमर सत्य गुप्ता, डॉ. अतिबल सिंह यादव, डॉ. प्रदीप श्रीवास्तव, अधीक्षण यंत्री जेपी पारा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
वाहनों की फिटनेस कराएं : आयुक्त ने निगम वर्कशाप प्रभारी श्रीकांत काटे से कहा कि सभी वाहनों की फिटनेस कराई जाए। उनका बीमा भी समय-समय पर होना चाहिए। क्योंकि दुर्घटना के किसी केस में निगम को नुकसान होता है। काटे ने कहा कि 13 लाख रुपए के करीब खर्चा आएगा। आयुक्त ने कहा कि जो भी हो। पहले परिवहन विभाग से फिटनेस कर वाहन चलाएं।
संपत्तिकर वसूली: रोज एक करोड़ रुपए लाने का लक्ष्य
नगर निगम के खाते में पैसा बढ़ाने के लिए आयुक्त हर्ष सिंह ने संपत्तिकर विभाग की बैठक ली। उन्होंने निर्देश दिए कि संपत्तिकर वसूली के काम में भवन अधिकारी (बीओ) और क्षेत्राधिकारी (जेडओ) भी सहयोग करे। आयुक्त ने रोज एक करोड़ की वसूली का टारगेट एक बार फिर से संपत्तिकर विभाग के जिम्मेदारों को दिया है। वे अभी 15-25 लाख रुपए तक ही ला रहे हैं। दस दिन से तो 5 लाख तक ही वसूली आ रही है। आयुक्त ने निर्देश दिए है कि लोक अदालत में 20 करोड़ रुपये संपत्तिकर की वसूली के लक्ष्य की पूर्ति करें इसके लिए सभी कर संग्राहक सभी सम्पत्ति कर दाताओं को बिल लगाएं और सम्पत्ति कर की वसूली करें।
बैठक के बाद शहर में दिखाई दिए 3 एक्शन
- कार्यपालन यंत्री सुरेश अहिरवार एवं भवन अधिकारी पवन शर्मा के निर्देशन में 100 टन सीएंडडी वेस्ट शहर से हटाया कर 45000 रुपए का जुर्माना वसूल भी किया गया। ग्वालियर विस में स्वास्थ्य अधिकारी अजय ठाकुर ने दुकानदारों द्वारा सड़क पर गंदगी फैलाने वालों पर विभिन्न जगहों पर 1500 रुपये का जुर्माना वसूल किया। इसके साथ ही जेडएचओ रवि करोसिया एवं डब्ल्यूएचओ जीवन यादव ने तानसेन नगर निवासी संतोष कुशवाहा द्वारा सडक पर भवन निर्माण सामग्री डालने पर 2000 रुपये का जुर्माना वसूल किया।
- उपायुक्त डॉ. अतिबल सिंह यादव ने बताया कि मंगलवार को मदाखलत अमले द्वारा गोला का मंदिर सुरुचि होटल के पास मुख्य मार्ग को अवरुद्ध कर दुकानों के बाहर सामान निकालकर अतिक्रमण करने पर 25 गुमटी, हाथ ठेला एवं स्ट्रीट वेंडर को हटाया गया। जिसमें सडक पर बनाई गई स्थाई 5 गुमटियों को हटाकर जब्त किया गया। इसके साथ ही उन्होंने गुरुद्वारा चौपाटी पर दुकानदारों द्वारा दुकानों के बाहर सामान रखकर यातायात का अवरूद्ध किया जा रहा था, उक्त स्थल पर सामान को जब्त कर अवैध गुमटियों को हटाया गया।
- पार्क अधीक्षक मुकेश बंसल ने बताया कि निगम मुख्यालय पार्क में साफ सफाई कराने के साथ पार्कों में स्थित पेड़ पौधों पर पानी छिड़क कर धूल को साफ किया गया। साथ ही पार्कों में घास की कटाई कराई गई |