आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : बालाघाट में ट्रेजरी से पोस्टल बैलेट निकालने के मामले पर बवाल बढ़ता जा रहा है। नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह ने मप्र के मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस को तत्काल हटाने की मांग की है।

भोपाल में नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर गोविंद सिंह ने कहा- अकेले बालाघाट नहीं, सभी जगह ऐसा हुआ है। हमारे लहार में भी हुआ है। मैंने पूरा लिखकर दिया था कर्मचारी मतदान से वंचित किए गए। स्ट्रांग रूम में रखी सील्ड मतपेटियां तोड़ी गई। बंडल किसके आदेश से बनाए गए? शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं की जा रही है। मैं मप्र के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन को दोबारा पत्र लिख रहा हूं। पहले ही कहा था-बैंस के रहते निष्पक्ष चुनाव नहीं हो सकते

नेता प्रतिपक्ष ने कहा- मुख्य सचिव को पूरी तरह से मैंने पहले ही कहा था कि मप्र के मुख्य सचिव के पद पर इकबाल सिंह बैंस विराजमान रहेंगे तो मप्र में चुनाव निष्पक्ष चुनाव नहीं हो पाएंगे। ये भाजपा के एजेंट बनकर काम करेंगे उन्होंने ये करके दिखा दिया। आज निर्वाचन आयोग से अनुरोध है कि इनको आज ही तत्काल पद से हटा दिया जाए। वरना जो कुछ दिन बचे हैं उनमें ये मप्र के चुनाव का पूरी तरह से भट्‌टा बैठा देंगे।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा- भिंड़ मुरैना में तो पोस्टल वैलेट वाले वोट तक सुरक्षित नहीं रखे गए। करीब 60-70 फ़ीसदी सरकारी कर्मचारियों के वोट नहीं डल पाए। चीफ सेक्रेटरी इकबाल सिंह बैंस के इशारे पर यह सब हो रहा है।

बालाघाट में बैलेट पेपर से छेड़छाड़ का आरोप

विधानसभा चुनाव के नतीजों से पहले बालाघाट में सोमवार को स्ट्रांग रूम में बैलेट पेपर से छेड़छाड़ का कथित वीडियो सामने आया है। इसमें कुछ कर्मचारी मत पत्रों को इकट्‌ठा करते दिख रहे हैं। इस मामले में कांग्रेस की शिकायत के बाद चुनाव आयोग ने पोस्टल बैलेट के नोडल अधिकारी हिम्मत सिंह को निलंबित कर दिया है।

वीडियो सामने आने के बाद मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के चुनाव प्रभारी जेपी धनोपिया चुनाव आयोग पहुंचे थे। उन्होंने कलेक्टर गिरीश कुमार मिश्रा को हटाने की मांग की है। इधर, बालाघाट एसडीएम ने कहा कि लिफाफे में बंद मत पत्रों के 50-50 बंडल बनाए जा रहे थे। ये रूटीन प्रोसेस हैं।