आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव में दो भाइयों पर फायरिंग हो गई। पुलिस ने उन्हें गोटेगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, यहां एक की मौत हो गई। दूसरे की हालत गंभीर है, उसे जबलपुर मेडिकल रेफर किया गया है। घटना सोमवार देर रात ग्राम गंगईकलां की है। यहां डोरीलाल (40) और सीताराम (35) पर फायरिंग हुई। डोरीलाल की मौत हो गई। घायल सीताराम ने पुलिस को बताया कि गोली बृजलाल नाम के शख्स ने मारी है।
भोपाल से नागपुर जा रही बस पुलिया पर चढ़ी, 15 घायल
मुलताई में चिचंडा गांव के पास नागपुर हाईवे पर मंगलवार सुबह 5.30 बजे बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। भोपाल से नागपुर जा रही भोपाल ट्रैवल्स की बस पुलिया पर चढ़ गई। 15 यात्रियों को मामूली चोट आई हैं। बस में 50 यात्री थे। कंडक्टर और ड्राइवर, बस को छोड़कर भाग गए।
कार के सीट बेल्ट में फंसने से कई किमी तक घिसटते हुए युवक की मौत
राजस्थान से गमी के कार्यक्रम में शामिल होकर भोपाल लौट रहे 2 दोस्तों ने शराब के नशे में अपने तीसरे साथी को चलती कार से उतार दिया। सीट बेल्ट में फंसने के कारण युवक कई किलोमीटर तक घिसटता चला गया। इससे उसकी मौत हो गई। सीहोर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार शनिवार-रविवार की रात 12 बजे सूचना मिली थी कि भोपाल-ग्वालियर हाईवे पर एक कार में व्यक्ति घिसटते हुए जा रहा है। दोराहा टोल नाके के नजदीक कार को रोक लिया। कार के सीट बेल्ट में फंसे भोपाल निवासी 33 वर्षीय संदीप पिता रमेश की मौत हो चुकी थी।
कार में मौजूद युवकों ने पूछताछ के दौरान बताया कि रास्ते में खाने-पीने के बाद तीनों लोगों में कुछ कहासुनी हुई। संदीप को कार से उतारते हुए उससे कहा कि बस से आ जाना। इसके बाद वे दोनों भोपाल के लिए रवाना हो गए। उन्होंने पुलिस को बताया कि उन्हें नहीं पता था कि साथी कार के सीट बेल्ट में फंसा हुआ है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया है।