आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भारतीय शेयर बाजार में दिवाली के अवसर पर मुहूर्त ट्रेडिंग की परंपरा है। ऐसे में बाजार आज शाम 6:15 बजे से शाम 7:15 बजे तक मुहूर्त ट्रेडिंग के लिए ओपन हुआ। सेंसेक्स 354.77 अंक (0.55%) की तेजी के साथ 65,259.45 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी में भी 100.20 अंक की तेजी रही, ये 19,525.55 के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 28 में तेजी रही।

कोल इंडिया समेत निफ्टी-50 के 43 शेयरों में तेजी रही

कोल इंडिया, UPL, इंफोसिस, आयशर मोटर्स, विप्रो और NTPC समेत निफ्टी-50 के 43 शेयरों में तेजी रही। वहीं ब्रिटानिया, सन फार्मा, अपोलो हॉस्पिटल, बजाज फिनसर्व, LTI माइंडट्री और BPCL समेत निफ्टी के 7 शेयरों में गिरावट रही।

NSE के सभी सेक्टोरल इंडेक्स में रही तेजी

NSE के सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो बैंक, ऑटो, फाइनेंशियल सर्विसेज, FMCG, IT, मीडिया, मेटल, फार्मा, PSU बैंक, प्राइवेट बैंक और रियल्टी समेत सभी सेक्टरों में तेजी देखने को मिली।

आम दिनों में बाजार सोमवार से शुक्रवार के बीच सुबह 9:00 बजे से दोपहर के 3:30 तक खुलता है। 9:00 बजे से लेकर 9:15 तक प्री मार्केट सेशन होता है। फिर दोपहर 3:30 तक नॉर्मल सेशन।

हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को सेंसेक्स 72 अंक बढ़कर 64,904 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी में भी 30 अंक की तेजी रही, यह 19,425 के स्तर पर बंद हुआ था।

मुहूर्त ट्रेडिंग सेशन को 5 पार्ट में डिवाइड किया गया है:

ब्लॉक डील सेशन: दो पार्टीज एक फिक्स्ड प्राइस पर सिक्योरिटी खरीदने/बेचने के लिए सहमत होते हैं और स्टॉक एक्सचेंज को बताते हैं।

प्री-ओपन सेशन: इस सेशन में स्टॉक एक्सचेंज इक्विलिब्रियम प्राइस निर्धारित करता है। ये आमतौर पर लगभग आठ मिनट का होता है।

नॉर्मल सेशन: मुहूर्त ट्रेडिंग में ये सेशन एक घंटे का होता है। इसे नॉर्मल सेशन इसलिए कहते हैं क्योंकि इसमें अधिकांश ट्रेडिंग होती है।

कॉल ऑक्शन सेशन: इलिक्विड सिक्योरिटीज का कारोबार किया जाता है। इन सिक्योरिटीज का क्राइटेरिया एक्सचेंज ने तय किया है।

क्लोजिंग सेशन: इसमें ट्रेडर/इन्वेस्टर क्लोजिंग प्राइस पर मार्केट ऑर्डर प्लेस कर सकते हैं।

मुहूर्त ट्रेडिंग को माना जाता है शुभ

हिंदू रीति-रिवाजों में मुहूर्त एक ऐसा समय होता है जब ग्रहों की चाल अनुकूल मानी जाती हैं। मुहूर्त में किसी भी काम को शुरू करने से उसका पॉजिटिव रिजल्ट सुनिश्चित होता है।

इसीलिए दिवाली के शुभ मुहूर्त पर जब एक घंटे के लिए शेयर बाजार खुलता है तो हिंदू धर्म के कई लोग अपने इन्वेस्टमेंट की शुरुआत करते हैं। ज्यादातर लोग देवी लक्ष्मी के प्रतीक के रूप में स्टॉक खरीदना पसंद करते हैं।

मान्यताओं के अनुसार, इस एक घंटे के दौरान ट्रेडिंग करने वाले लोगों के पास पूरे साल धन कमाने और समृद्धि प्राप्त करने का बेहतर मौका होता है।