आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : बंगाल की खाड़ी से 2 दिसंबर को उठे तूफान ‘मिचौंग’ का असर मध्यप्रदेश में भी देखने को मिल रहा है। बुधवार सुबह भोपाल, रीवा, ग्वालियर और चंबल संभाग के साथ ही छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी जिलों में कोहरा रहा। सर्द हवा चलती रही। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक बुधवार को तूफान का असर देखने को मिलेगा। जबलपुर-शहडोल संभाग के जिलों में हल्की बारिश भी हो सकती है।
इससे पहले मंगलवार को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बादल छाए। जबलपुर में घना कोहरा रहा। तूफान की वजह से दिन में सर्दी भी बढ़ गई है। मंगलवार को इंदौर और धार प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। इंदौर में तो एक ही दिन में तापमान 6.3 डिग्री तक लुढ़क गया। यहां दिन का तापमान 20 डिग्री दर्ज किया गया।
इन जिलों में असर
सीनियर मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि तूफान की वजह से जबलपुर और शहडोल संभाग के जिलों में ज्यादा असर है। बुधवार को जबलपुर, बालाघाट, छिंदवाड़ा, कटनी, मंडला, नरसिंहपुर, सिवनी, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी और अनूपपुर जिलों में बूंदाबांदी हो सकती है।
पचमढ़ी में 22 डिग्री रहा तापमान
शहर
टेंप्रेचर (डिग्री सेल्सियस)
पचमढ़ी 22
बैतूल 25.7
गुना 23.2
खंडवा 26.5
खरगोन 26.6
रायसेन 22.4
रतलाम 25.2
शिवपुरी 24.2
छिंदवाड़ा 25.6
दमोह 25
खजुराहो 23
मंडला 26.5
नरसिंहपुर 25
नौगांव 24
रीवा 24.6
सागर 24.3
सतना 23.4
सिवनी 25.2
सीधी 27
टीकमगढ़ 25
उमरिया 26.2
मलाजखंड 21
दिन में ठिठुरन बढ़ी, इंदौर-धार सबसे ठंडे
मंगलवार को दिनभर सर्द हवाएं चलती रहीं। इंदौर और धार में दिन का टेम्प्रेचर 20 डिग्री रहा। इंदौर में सोमवार की तुलना में पारा 6.3 डिग्री लुढ़का। भोपाल में पारा 4.3 डिग्री लुढ़ककर 20.6 डिग्री पर पहुंच गया। उज्जैन में 20.5 डिग्री और जबलपुर में 25.8 डिग्री रहा। ग्वालियर में 25 डिग्री दर्ज किया गया।
11-12 दिसंबर को फिर बारिश का दौर
मध्यप्रदेश में सात दिन से वेस्टर्न डिस्टर्बेंस, साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन की वजह से बारिश और ओलों का दौर रहा, जो 3 दिसंबर को थम गया। हालांकि, रात में ग्वालियर और दतिया में हल्की बारिश हुई।