आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : उत्तर भारत से एक्टिव होने वाले वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) का असर मध्यप्रदेश में भी रहेगा। खासकर पश्चिमी हिस्से यानी इंदौर, भोपाल और उज्जैन संभाग के जिलों में 26 से 28 नवंबर के बीच हल्की बारिश हो सकती है। यह सीजन का पहला मावठा होगा। इसके बाद सर्दी बढ़ेगी। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो दिसंबर का पहला सप्ताह तेज सर्दी वाला रहेगा। इससे पहले दिन-रात के टेम्प्रेचर में कभी गिरावट, तो कभी बढ़ोतरी हो रही है।

मंगलवार को भी मौसम बदला सा रहा। बुधवार को दिन में गर्मी का असर देखने को मिल सकता है। मौसम केंद्र के फोरकास्ट इंचार्ज डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि 25 नवंबर को उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस पहुंच रहा है। अब तक के संकेतों के मुताबिक यह स्ट्रॉन्ग है। इस वजह से इसका असर मध्यप्रदेश में भी रहेगा।

कब, कहां हो सकती है बारिश

26-27 नवंबर को इंदौर-उज्जैन संभाग के जिलों में असर रहेगा।

27-28 नवंबर को भोपाल समेत पश्चिमी मप्र में बारिश।

बारिश से पहले मिला-जुला असर

बारिश से पहले प्रदेश में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है। कभी दिन में तापमान बढ़ जाता है तो कभी तापमान में गिरावट होती है। ऐसा ही रात को लेकर भी है। मंगलवार के तापमान की बात करें, तो कई शहरों में पारा 30 डिग्री से कम रहा। भोपाल में 30.6 डिग्री, इंदौर में 29.7 डिग्री, ग्वालियर में 28.2 डिग्री, जबलपुर में 30.2 डिग्री और उज्जैन में 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इसी प्रकार बैतूल में 27.7 डिग्री, पचमढ़ी में 29.2 डिग्री, रायसेन में 28 डिग्री, शिवपुरी में 28 डिग्री, खजुराहो में 28.8 डिग्री, नौगांव में 27 डिग्री, मलाजखंड में 27.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इधर, कई शहरों में रात का तापमान 15 डिग्री से कम रहा।

फिलहाल तेज ठंड नहीं

प्रदेश में मौसम बदलने से पहले तक तेज ठंड पड़ने के आसार नहीं हैं। ज्यादातर शहरों में रात का तापमान 15 डिग्री से अधिक रहेगा। वहीं, दिन में 28 से 30 डिग्री के आसपास तापमान रह सकता है।