आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधवार को छिंदवाड़ा दौरे पर रहेंगे। वे दोपहर में छिंदवाड़ा पहुंचकर आदिवासी कार्यकर्ता के यहां भोजन करेंगे।
मध्यप्रदेश का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा? इसे लेकर बीजेपी में भोपाल से लेकर दिल्ली तक हर स्तर पर मंथन चल रहा है। दिल्ली में मंगलवार देर रात तक प्रधानमंत्री आवास पर चली बैठक में मध्यप्रदेश के साथ छत्तीसगढ़ और राजस्थान में सीएम फेस को लेकर विचार-विमर्श हुआ। 4 घंटे चली बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद रहे।
सूत्रों के मुताबिक, पार्टी ने तीनों राज्यों में पर्यवेक्षक भेजने का फैसला लिया है। इनकी नियुक्ति बुधवार को हो सकती है। ये पर्यवेक्षक संबंधित राज्यों में जाकर नवनिर्वाचित विधायकों से रायशुमारी करेंगे। इसके बाद सीएम पद के लिए पैनल तैयार किया जाएगा। ये सूची केंद्रीय आलाकमान को सौंपी जाएगी। इसके बाद मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान होगा।
CM ने दिए मेडिकल कैंप लगाने के निर्देश
मंगलवार देर रात 9 बजे CM शिवराज भोपाल के शाहजहांनी पार्क के पास बने रैन बसेरा पहुंचे। यहां कुछ लोगों ने बीमार होने की बात कही तो सीएम ने मेडिकल कैंप लगाने के निर्देश दिए। अफसरों से शीतलहर की स्थिति में शहर के प्रमुख चौराहों पर अलाव जलाने की भी बात कही।
इस तरह चुना जाएगा मध्यप्रदेश का मुख्यमंत्री
बीजेपी के एक सीनियर लीडर ने बताया कि केंद्रीय नेतृत्व द्वारा नियुक्त किए गए पर्यवेक्षक विधायकों की बैठक लेंगे। इस बैठक में हुई रायशुमारी से आलाकमान को अवगत कराया जाएगा। इसके आधार पर संसदीय बोर्ड की बैठक में मुख्यमंत्री का नाम तय किया जाएगा। इसके बाद एक बार फिर औपचारिक तौर पर विधायक दल की बैठक होगी। विधायक दल के नेता के नाम की घोषणा करके शपथ ग्रहण की तारीख तय कर ली जाएगी। इस पूरी प्रक्रिया में दो-तीन दिन का वक्त लग सकता है।
CM पद की रेस में शिवराज समेत इनके नाम
मुख्यमंत्री पद के लिए शिवराज सिंह चौहान के अलावा केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल, नरेंद्र सिंह तोमर, ज्योतिरादित्य सिंधिया और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के नाम भी चर्चा में हैं। साल 2005 में पहली बार मध्यप्रदेश के मुखिया बने शिवराज सिंह चौहान 4 बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं।
मंगलवार को कैसे चला सियासी घटनाक्रम…
BJP के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने मंगलवार को दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। इसके बाद वे अमित शाह से भी मिले।
CM शिवराज ने कहा, ‘मैं मुख्यमंत्री पद का दावेदार न तो पहले कभी रहा और न आज हूं। BJP मुझे जो भी काम देगी, समर्पित भाव से करता रहूंगा।’
नरसिंहपुर से विधायक चुने गए केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल ने नई दिल्ली में अपने आवास में कहा, ‘दिग्विजय EVM की जगह गरीब कल्याण पर बात करें।’
लहार विधानसभा सीट पर नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह को हराने वाले अंबरीश शर्मा गुड्डू ने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात की।
भाजपा सांसद और बिहार के नेता सुशील मोदी ने कहा, ‘कमलनाथ ने सोनिया और राहुल गांधी को दरकिनार कर दिया। प्रचार में दोनों की फोटो तक नहीं लगाई।’
कैलाश विजयवर्गीय दिल्ली में भाजपा की बैठक में शामिल हुए। उनका कहना है कि भाजपा को एमपी में ‘लाड़ली बहना’ ने नहीं, मोदी मैजिक ने जिताया।