आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : शेयर बाजार में इस हफ्ते तेजी देखने को मिल सकती है। भारत और अमेरिका के महंगाई के आंकड़े, ग्लोबल इकोनॉमिक डेटा, डॉमेस्टिक इकोनॉमिक डेटा, कंपनियों के दूसरी तिमाही के नतीजे, FII-फ्लो, क्रूड ऑयल प्राइस और अपकमिंग IPO पर बाजार की नजर रहेगी।

यहां हम ऐसे फैक्टर्स के बारे में बता रहे हैं, जिनसे 13 नवंबर यानी सोमवार से शुरू होने वाले हफ्ते में बाजार की चाल तय होगी…

  1. अमेरिकी महंगाई

अमेरिकी महंगाई के आंकड़े 14 नवंबर को आने वाले हैं। एक्सपर्ट्स को उम्मीद है कि एनर्जी की कम लागत के कारण रिटेल महंगाई सितंबर के 3.7% से घटकर अक्टूबर में 3.5% से कम रहेगी। कोर इनफ्लेशन 4.0-4.1% के आसपास स्थिर रहेगी।

गुरुवार को अपने भाषण में फेडरल रिजर्व के चेयरमैन जेरोम पॉवेल ने कहा कि FOMC, मुद्रास्फीति को 2% के टार्गेट लेवल पर लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसे लगातार 2% तक नीचे लाने की प्रक्रिया में अभी लंबा रास्ता तय करना है। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने कहा कि फेड का ध्यान इस बात पर है कि क्या दरों को और अधिक बढ़ाने की जरूरत है और कब तक उन्हें ऊंचा बनाए रखने की जरूरत है।

  1. ग्लोबल इकोनॉमिक डेटा

अमेरिकी महंगाई के अलावा ग्लोबल निवेशक कुक, जेफरसन, बर्र, मेस्टर, गूल्सबी, विलियम्स, वॉलर और डेली जैसे कई फेड अधिकारियों के भाषण पर भी नजर रखेंगे। अमेरिकी नौकरियों के साप्ताहिक आंकड़े और अक्टूबर के लिए रिटेल सेल्स पर नजर रहेगी।

इसके अलावा अक्टूबर के लिए यूरोप की महंगाई दर के साथ-साथ Q2FY23 GDP ग्रोथ के लिए दूसरा अनुमान, अक्टूबर के लिए चीन की रिटेल सेल्स और अक्टूबर के लिए UK की महंगाई और रिटेल सेल्स पर भी नजर रहेगी।

  1. भारत के महंगाई के आंकड़े

भारत में अक्टूबर के लिए रिटेल महंगाई के आंकड़े 13 नवंबर को जारी होने वाले हैं। फूड इन्फ्लेशन में संभावित गिरावट के कारण इसके और कम होकर 5% से भी कम रहने की उम्मीद है। सितंबर में रिटेल महंगाई में लगातार दूसरे महीने गिरावट देखी गई और यह 5.02% पर रही।

इसके अलावा 14 नवंबर को जारी होने वाले अक्टूबर की थोक महंगाई के आंकड़ों पर भी निवेशकों की नजर रहेगी। 3 नवंबर को समाप्त 15 दिनों की अवधि के लिए डिपॉजिट और बैंक क्रेडिट ग्रोथ और 10 नवंबर को समाप्त सप्ताह के लिए फॉरेन एक्सचेंज रिजर्व के आंकड़े 17 नवंबर को जारी किए जाएंगे।

  1. क्रूड ऑयल प्राइस

स्लो डिमांड के कारण ब्रेंट क्रूड ऑयल का वायदा भाव अक्टूबर के मध्य से तेजी से गिरा है और 80 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गया है। एक्सपर्ट्स को उम्मीद है कि कीमतों में और गिरावट आएगी। पिछले दिनों इक्विटी में देखी गई रैली में इसने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

इससे राजकोषीय घाटे की चिंता भी कम हुई और कॉरपोरेट इनकम को सपोर्ट मिला। सप्ताह-दर-सप्ताह आधार पर ब्रेंट वायदा 4% गिरकर 81.43 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ।

  1. FII-फ्लो

निवेशकों की नजर फॉरेन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (FII) के फ्लो पर भी रहेगी। नवंबर में FII नेट सेलर बने रहे और लगातार चौथे महीने भारतीय शेयर बाजारों से पैसे निकाले। हालांकि, बिक्री पिछले महीनों से कम हो गई है। FII ने कैश सेगमेंट में 6,100 करोड़ रुपए से ज्यादा के शेयर नेट रूप से बेचे हैं, लेकिन डोमेस्टिक इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स इस महीने अब तक 6,000 करोड़ रुपए से ज्यादा के शेयर खरीदकर इसकी भरपाई करने में कामयाब रहे हैं।

अमेरिका की 10-वर्षीय ट्रेजरी यील्ड 31 अक्टूबर के 4.93% से घटकर 10 नवंबर को 4.64% हो गई, जबकि इसी अवधि के दौरान अमेरिकी डॉलर सूचकांक 106.66 से फिसलकर 105.80 पर आ गया। भारतीय रुपए की चाल पर भी आने वाले सप्ताह में नजर रहेगी, क्योंकि पिछले शुक्रवार 10 नवंबर को रुपया 83.29 पर बंद होने से पहले 83.47 प्रति डॉलर के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया था।

  1. कंपनियों के दूसरी तिमाही के नतीजे

वैसे तो सभी प्रमुख कंपनियों ने पिछले सप्ताह तक अपने सितंबर तिमाही के कमाई आंकड़े जारी कर दिए हैं। लेकिन कुछ मिडकैप और स्मॉलकैप कंपनियों के तिमाही नतीजे अगले सप्ताह सामने आएंगे। ग्रासिम इंडस्ट्रीज एकमात्र निफ्टी-50 कंपनी है, जो 13 नवंबर को सितंबर तिमाही के आंकड़े जारी करेगी।

मणप्पुरम फाइनेंस और नारायण हृदयालय भी उसी दिन आंकड़े जारी करेंगे। वहीं एस्टर डीएम हेल्थकेयर, इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस, केएनआर कंस्ट्रक्शन, नैटको फार्मा, एनएमडीसी, प्लाजा वायर्स, ट्राइडेंट, वॉकहार्ट और यात्रा ऑनलाइन 14 नवंबर को दूसरी तिमाही के वित्तीय नतीजों की घोषणा करेंगे।

  1. इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग

संवत 2080 का पहला सप्ताह प्राइमरी मार्केट के लिए ज्यादा चहलपहल वाला नहीं होगा। नए सप्ताह में मेनबोर्ड सेगमेंट में कोई इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग यानी IPO लॉन्च नहीं होगा। हालांकि, ई-गवर्नेंस सॉल्यूशंस कंपनी प्रोटीन ईगॉव टेक्नोलॉजीज 13 नवंबर को शेयर बाजार में डेब्यू करेगी, जबकि ऑटो कंपोनेंट मेकर एएसके ऑटोमोटिव 15 नवंबर को अपने इक्विटी शेयरों को लिस्ट कर सकती है।

SME सेगमेंट की बात करें तो ड्रायर मेकर एरोहेड सेपरेशन इंजीनियरिंग अपना 13 करोड़ रुपए का IPO 16 नवंबर को 233 रुपए प्रति शेयर के प्राइस बैंड के साथ लॉन्च करेगी। वहीं बाबा फूड प्रोसेसिंग इंडिया 16 नवंबर को NSE Emerge पर डेब्यू करेगी।

पिछले हफ्ते बाजार में रही थी तेजी

पिछले कारोबारी सप्ताह के आखिरी दिन यानी शुक्रवार (10 नवंबर) को शेयर बाजार में तेजी देखने को मिली थी। सेंसेक्स 72 अंक की तेजी के साथ 64,904 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी में भी 30 अंक की तेजी रही, यह 19,425 के स्तर पर बंद हुआ था। पिछले पूरे कारोबारी हफ्ते में सेंसेक्स 0.25% चढ़ा था। निफ्टी में भी 0.43% की तेजी रही थी।