आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जिस तरह से भरी विधानसभा में महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक बातें कही थी, उसको लेकर उनका विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। नीतीश कुमार के इस बयान को लेकर अब राज्यसभा सांसद सुमित्रा बाल्मीक का बयान सामने आया है। महिलाओं को लेकर दिए गए बयान पर राज्यसभा सांसद ने नीतीश कुमार से इस्तीफा मांगा है, साथ ही कहा है कि उन्हें अब राजनीति छोड़कर घर पर बैठना चाहिए। राज्यसभा सांसद सुमित्रा बाल्मीक आज जबलपुर पहुंची है। सोमवार से सुमित्रा बाल्मीक पूर्व विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी अंचल सोनकर के लिए जनसंपर्क करेंगी।

जबलपुर पहुंची राज्यसभा सांसद सुमित्रा बाल्मीक ने दैनिक भास्कर से बात करते हुए कहा कि महिलाओं के लिए इस तरह की सोच रखने वाले नीतीश कुमार का बयान बहुत ही निंदनीय है। महिलाओं की लज्जा को उन्होंने निर्लज्जता से बोला है। इसलिए वो पद में रहने लायक नहीं है। अगर उनमे थोड़ा सा भी शर्म बाकी है, और वो समझ रहें है कि गलती हुई है तो तत्काल उन्हें पद से इस्तीफा दे देना चाहिए,और संन्यास ले लेना चाहिए।

मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में प्रचार का जो केन्द्र बना हुआ है, वह महिलाएं के आसपास घूम रहा है। भाजपा लाड़ली बहना योजना के जरिए वोटर को आकर्षित कर रही है, तो कांग्रेस भी महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपए जैसे मुद्दों को लेकर जनता के बीच जा रही है। राज्यसभा सांसद का कहना है कि हमारे मुख्यमंत्री ने नगरीय निकाय चुनाव में दर्जा दिया है। नगर पंचायत, नगर परिषद में महिलाओं को जगह दी, तब भी महिलाओं में उत्सुकता थी। इसलिए ये कोई नई बात नहीं है कि भाजपा महिलाओं को विधानसभा चुनाव का मुद्दा बना रही है।