आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को सोशल मीडिया पर मध्यप्रदेश चुनाव को लेकर पोस्ट की है। उन्होंने लिखा- आज की नई पीढ़ी, भारत के अगले 25 वर्षों और अपने 25 वर्षों को एक साथ जोड़कर देख रही है। और इसलिए विकसित भारत के संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने के दायित्व को निभाने के लिए हमारे नौजवान भी कंधे से कंधा मिलाकर आगे आ रहे हैं। लोग का ये अटूट विश्वास है कि 21वीं सदी का विकसित मध्य प्रदेश सिर्फ भाजपा ही बना सकती है।
उन्होंने आगे लिखा- एमपी के लोग डबल इंजन की सरकार के लाभ को देख भी रहे हैं और इसकी जरूरत को समझते भी हैं। रैलियों में मैंने ये भी देखा कि एमपी के लोग कांग्रेस की परिवारवादी राजनीति और नकारात्मकता से कितने ज्यादा नाराज हैं। कांग्रेस के पास एमपी के विकास के लिए कोई विजन नहीं है, कोई रोडमैप नहीं है।
मिर्ची बाबा पर FIR, साड़ी बांटने का आरोप
सीहोर की बुधनी विधानसभा सीट से सपा प्रत्याशी वैराग्यानंद उर्फ मिर्ची बाबा के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। उन पर महिलाओं को साड़ी बांटने का आरोप है। मिर्ची बाबा के दो VIDEO सामने आए थे। वे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ चुनाव मैदान में हैं। कांग्रेस ने बुधनी से टीवी एक्टर विक्रम मस्ताल को प्रत्याशी बनाया है। रिपोर्ट फ्लाइंग स्क्वॉड टीम के सीहोर प्रभारी संदीप कुमार दुबे ने दर्ज कराई है। उन्होंने शिकायत में बताया है कि 11 नवंबर की शाम 5 से 7 बजे के बीच होलीपुरा गांव में सपा प्रत्याशी मिर्ची बाबा ने अपने पक्ष में मतदान के लिए साड़ियां बांटीं।
कमलनाथ बोले- तोमर के बेटे का मामला राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा
केंद्रीय मंत्री नरेंद्र तोमर के बेटे के लेने-देन के वायरल वीडियो को लेकर पीसीसी चीफ कमलनाथ ने सवाल किए हैं। कमलनाथ ने सोशल मीडिया पोस्ट कर कहा- मैं भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से जानना चाहता हूं कि उनके लिए सबसे पहले पार्टी और परिवार का हित है या देशहित? केंद्रीय मंत्री और विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी नरेंद्र तोमर के बेटे के तीन वीडियो सामने आ चुके हैं। कथित तौर पर 100 करोड़ रुपए के लेन-देन से शुरू हुआ मामला 10000 करोड़ तक पहुंच चुका है। इसमें मादक पदार्थों के व्यापार और कनाडा से सीधा संबंध दिखाया जा रहा है।
कमलनाथ ने कहा- यह मामला किसी व्यक्ति या पार्टी का नहीं है, बल्कि सीधे राष्ट्रीय सुरक्षा और नशे के कारोबार से जुड़ता हुआ दिख रहा है। इसकी तत्परता से जांच होनी चाहिए, लेकिन दुख की बात यह है कि भाजपा का पूरा राष्ट्रीय नेतृत्व इस समय मध्यप्रदेश में है और इस मुद्दे पर कोई एक शब्द नहीं बोल रहा है। जो लोग राष्ट्रहित के सामने निजी हित को आगे रख रहे हैं, उन्हें एमपी माफ नहीं करेगा।
योगी बोले- गरीब कल्याण कांग्रेस का एजेंडा नहीं
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पन्ना के पवई में कहा कि मध्यप्रदेश की शिवराज सरकार ने हर घर तक शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाया। कांग्रेस को 55 वर्ष तक मौका मिला, लेकिन गरीब कल्याण उनके विकास का एजेंडा नहीं था। कांग्रेस के समय मध्यप्रदेश बीमारू राज्य था, लेकिन भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने मध्यप्रदेश को विकसित राज्य बना दिया। गरीब कल्याण से लेकर किसान कल्याण और अनुसूचित जाति एवं जनजाति के कल्याण के लिए सरकार की सैकड़ों योजनाएं चल रही हैं।
कांग्रेस के पूर्व कैबिनेट मंत्री के बेटे भाजपा में शामिल
दिग्विजय सिंह के शासनकाल में मंत्री रहे जसवंत सिंह के पुत्र योगेंद्र सिंह ने अपने समर्थकों के साथ आज भाजपा की सदस्यता ले ली। सीएम हाउस में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने उन्हें सदस्यता दिलाई।
भाजपा की सदस्यता लेने के बाद योगेंद्र ने कहा कि वे मुख्यमंत्री शिवराज के कार्यों से प्रभावित हैं। कांग्रेस में निरंतर उपेक्षा के कारण भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता स्वीकार कर रहे हैं। बता दें, रायसेन जिले की बरेली विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे पूर्व मंत्री जसवंत सिंह ठाकुर समाज का प्रतिनिधित्व करते थे।
आज प्रचार का आखिरी दिन, प्रियंका, खड़गे, शिवराज और योगी समेत कई नेता करेंगे सभाएं
मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव के प्रचार का शोर आज शाम 6 बजे थम जाएगा। नक्सल प्रभावित बालाघाट, मंडला और डिंडोरी जिले में दोपहर 3 बजे तक ही प्रचार किया जा सकेगा। ऐसे में भाजपा-कांग्रेस के दिग्गज नेता अपनी पूरी ताकत झोंकते नजर आएंगे।