सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: मध्य प्रदेश संविदा कर्मचारी अधिकारी महासंघ ने संविदा कर्मचारियों के लिए सीपीआई इंडेक्स और वेतनवृद्धि के आदेश जारी करने को लेकर मुख्यमंत्री, वित्त मंत्री, मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव सामान्य प्रशासन और वित्त विभाग को ज्ञापन सौंपा है। कर्मचारियों ने कहा है कि नई संविदा नीति में सीपीआई इंडेक्स और वेतनवृद्धि का प्रविधान किया गया है।
महासंघ के अध्यक्ष रमेश राठौर ने बताया कि प्रशासन विभाग ने नई संविदा नीति जारी की है, जिसमें स्पष्ट है कि सातवें वेतनमान के अनुसार समकक्षता निर्धारण के बाद वित्त विभाग संविदा कर्मचारियों की वेतनवृद्धि के लिए प्रतिवर्ष एक अप्रैल को सीपीआई इंडेक्स जारी करेगा। इसके बाद वेतनवृद्धि की जाएगी। उन्होंने कहा कि घोषणा के 15 माह बीतने के बाद भी वित्त विभाग ने सीपीआई इंडेक्स जारी नहीं किया है और न ही वेतनवृद्धि के आदेश जारी किए हैं।
उन्होंने कहा कि सीपीआई इंडेक्स जारी न करने और वेतनवृद्धि नहीं करने से संविदा कर्मचारियों को प्रतिमाह 2 से 8 हजार रुपए का घाटा हो रहा है। इस अनदेखी को लेकर संविदा कर्मचारियों में आक्रोश है। वहीं दिन-प्रतिदिन महंगाई बढ़ती जा रही है। टमाटर 100 रुपए किलो हो चुके हैं, दाल और सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं। बढ़ती महंगाई के कारण संविदा कर्मचारियों को घर और परिवार की जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो रहा है। राठौर ने कहा कि सरकार को इस दिशा में जल्द निर्णय लेना चाहिए।