सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ दिल्ली : जामिया छात्र आंदोलन के बीच 8 नवंबर तक ऑनलाइन पढ़ाई, परीक्षाएं भी होंगी ऑनलाइन
नई दिल्ली। दिल्ली की जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी में छात्र आंदोलन के बीच विश्वविद्यालय प्रशासन ने ऑनलाइन कक्षाओं की अवधि बढ़ाकर 8 नवंबर 2026 तक कर दी है। इस दौरान दूसरे मिड-सेमेस्टर की परीक्षाएं भी ऑनलाइन आयोजित की जाएंगी। प्रशासन ने कहा है कि 8 नवंबर के बाद परिसर की स्थिति की समीक्षा की जाएगी और उसके आधार पर आगे की व्यवस्था तय होगी।
छात्र संघ चुनाव की मांग को लेकर आंदोलन विश्वविद्यालय में छात्र संघ की बहाली और चुनाव कराने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि जामिया मिल्लिया इस्लामिया छात्र संघ के चुनाव वर्ष 2006 के बाद से नहीं हुए हैं। छात्र प्रशासन से चुनाव की निश्चित तारीख घोषित करने और छात्र संघ के संविधान को मंजूरी देने की समय-सीमा तय करने की मांग कर रहे हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने 26 अक्टूबर को जारी आदेश में कहा था कि छात्र संघ के संविधान को मंजूरी मिलने के 15 दिनों के भीतर चुनाव कराए जाएंगे। प्रशासन ने आंदोलन के दौरान जारी कुछ निलंबन आदेश और कारण बताओ नोटिस वापस लेने तथा सुरक्षा कर्मियों के आचरण की जांच के लिए समिति गठित करने की भी घोषणा की। हालांकि, प्रदर्शनकारी छात्रों ने इसे अपनी प्रमुख मांगों के लिए पर्याप्त नहीं माना और आंदोलन जारी रखने की बात कही।
परिसर में तनाव, छात्रों को खाली करने का नोटिस आंदोलन के दौरान विश्वविद्यालय परिसर के बाहर सुरक्षा बढ़ाई गई और छात्रों की पुलिस के साथ झड़प तथा हिरासत में लिए जाने की घटनाएं सामने आईं। प्रशासन ने भूख हड़ताल कर रहे छात्रों रेहान खान और एबिन बेसिल सहित प्रदर्शनकारियों को विरोध स्थल खाली करने का निर्देश दिया है। आदेश का पालन नहीं करने पर अनुशासनात्मक और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
दूसरी ओर, प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि जब तक छात्र संघ चुनाव की प्रक्रिया और उनकी अन्य मांगों पर स्पष्ट समय-सीमा नहीं दी जाती, तब तक आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा।विभाग तय करेंगे ऑनलाइन परीक्षा का कार्यक्रम विश्वविद्यालय के निर्देश के अनुसार, ऑनलाइन मिड-सेमेस्टर परीक्षाओं का कार्यक्रम और प्रक्रिया संबंधित डीन, विभागाध्यक्ष तथा निदेशक परीक्षा नियंत्रक के परामर्श से तय करेंगे। पीएचडी शोधार्थियों को भी अपने शोध-निर्देशकों से ऑनलाइन संपर्क में रहने के लिए कहा गया है। फिलहाल विश्वविद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियां ऑनलाइन माध्यम से जारी रहेंगी। 8 नवंबर के बाद परिसर की स्थिति की समीक्षा के आधार पर ऑफलाइन कक्षाएं शुरू करने या ऑनलाइन व्यवस्था आगे बढ़ाने पर फैसला लिया जाएगा।
Hashtags: #DelhiState #Delhi #जामिया #छात्र #आंदोलन #बीच #नवंबर #ऑनलाइन #पढ़ाई #जामियाछात्रआंदोलनके