आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : सेना पुलिस में महिला अग्निवीर बनने मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ की महिला उम्मीदवार आज दम दिखाएंगी। इसको लेकर मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ की 805 महिला उम्मीदवार रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के खेल परिसर में पहुंचेंगी। यहां महिला उम्मीदवारों को 1600 मीटर की दौड़ को पूरा करना होगा। 3 फीट ऊंची कूद, 10 फीट लंबी कूद के बाद आगे की प्रक्रिया में महिला उम्मीदवारों को शामिल होने का मौका मिलेगा।
हालांकि भर्ती रैली को लेकर रानी दुर्गावती खेल परिसर में सेना भर्ती कार्यालय की तरफ से पूरी तैयारी कर ली गई हैं। वहीं बिगड़ते मौसम को देखते हुए अब सेना भर्ती कार्यालय प्लान बी पर भी काम कर रहा है। जानकारी के मुताबिक उम्मीदवारों के दस्तावेजों से लेकर बायोमेट्रिक जांच के लिए अलग से सेल बनाए गए हैं। जिसमें सेना के कर्मचारी तैनात रहेंगे। वहीं प्रमाण पत्रों की जांच के बाद महिला उम्मीदवार मैदान में दौड़, लंबी कूद और ऊंची कूद की प्रक्रिया में शामिल हो पाएंगी।
वहीं सोमवार की शाम से ही बारिश के बाद ट्रैक को दुरुस्त करने का भी काम किया जा रहा है। हालांकि सुबह बारिश एक बार फिर हुई। जिसके बाद एक बार फिर सेना भर्ती कार्यालय मैदान में मशक्कत करते हुए दिखाई दिए। रैली भर्ती में मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की महिला उम्मीदवार भाग ले रही है। जिसमें छत्तीसगढ़ की 103 और मध्यप्रदेश की 702 महिला उम्मीदवार मैदान में होगी।