आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : इंदौर के हीरा नगर में रहने वाली एक 22 साल की युवती ने अपने पति के खिलाफ रेप का मामला दर्ज करवाया है। आरोपी पर पहले से चार शादी करने और अपनी पत्नियों को तलाक दिए बिना पीड़िता से शादी करने का आरोप है।
पीड़िता पहले भी ब्यावरा में ससुराल में रहने के दौरान मारपीट और घरेलू हिंसा से तंग आकर पति के खिलाफ शिकायत दर्ज करा चुकी है। इसके बाद से वह इंदौर स्थित मायके में आकर रहने लगी। आरोपी पति भी उसके पीछे इंदौर पहुंचा और यहीं साथ रहने लगा।
इस दौरान पीड़िता को पति की दूसरी शादियों के बारे में जानकारी लगी। इसके बाद पीड़िता ने पति के खिलाफ धोखा देकर शादी करने और रेप का केस दर्ज करा दिया। पीड़िता ने यह भी बताया कि आरोपी पति ने खुद को फूड इंस्पेक्टर बताया था, लेकिन वह ऐसा कुछ नहीं करता।
हीरानगर पुलिस ने बताया कि इलाके में रहने वाली एक युवती की शिकायत पर पति लखन निवासी ब्यावरा पर रेप और जान से मारने की धमकी देने के मामले में केस दर्ज किया गया है। फूड इंस्पेक्टर वाले एंगल को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि उसकी शादी जून 2022 में ब्यावरा में रहने वाले लखन से इंदौर के अन्नपूर्णा इलाके में स्थित आर्य समाज मंदिर में परिवार राजी-मर्जी से हुई थी। इसके बाद वह पति के साथ ब्यावरा रहने चली गई। यहां आठ माह तक दोनों के बीच सब कुछ ठीक रहा।
इसके बाद पति छोटी-मोटी बातों को लेकर मारपीट करने लगा। एक दिन विवाद बढ़ गया और पति ने उसके साथ ज्यादा मारपीट कर दी। इसके चलते उसने पति पर अप्रैल 2023 में दहेज प्रताड़ना और मारपीट की धाराओं के केस दर्ज करा दिया और परिवार के पास इंदौर आ गई।
इंदौर आया, माफी मांगी और यहीं रहने लगा
इसके बाद मई 2023 में लखन इंदौर आ गया। उसने पीड़िता से माफी मांगी और इंदौर में ही साथ रहने की बात की। इसके बाद पीड़िता के साथ हीरा नगर इलाके में एक किराये के घर में रहने लगा। करीब एक सप्ताह बाद लखन के मोबाइल में मिले मैसेज व चैटिंग से पीड़िता को पता चला कि वह पहले से शादीशुदा है।
लखन की जानकारी निकाली तो पता चला कि वह पहले से चार शादियां कर चुका है। लेकिन उसने यह जानकारी इंदौर में रहने वाली पीड़िता से छिपाकर रखी और यहां भी शादी रचा ली। पीड़िता ने लखन से बात की तो उसने फिर से बुरी तरह से मारपीट की।
13 जुलाई 2023 को लखन घर आया और पीड़िता की मर्जी के बिना संबंध बनाए। यहां पीड़िता से फिर मारपीट की। इसके बाद उसने धमकाया कि शादी की बातें किसी को बताई तो उसके फोटो वायरल कर बदनाम कर देगा। लखन के व्यवहार के कारण पीड़िता डरती रही। इस मामले में अफसरों को शिकायत की। जिसके बाद जांच कर पुलिस ने आरोपी पति लखन के खिलाफ रेप व अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया।