भोपाल । राजधानी के लाल परेड ग्राउंड में स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ध्वजारोहण करेंगे। राज्य स्तरीय समारोह की तस्वीर अबकी बार भी बदली हुई रहेगी। एसटीएफ, एसएएफ, जिला पुलिस समेत कुल 9 टुकडिय़ां मार्च पास्ट करेगी, लेकिन बच्चों की टुकड़ी शामिल नहीं होंगी और न ही वे पीटी कर पाएंगे। कोरोना संक्रमण के चलते बच्चों को राज्य व जिला स्तरीय समेत स्कूलों में होने वाले समारोह में शामिल नहीं किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले शनिवार को तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
रविवार सुबह 9 बजे सीएम शिवराज सिंह चौहान ध्वजारोहण करेंगे। वहीं समारोह में पुलिसकर्मियों को पदक भी वितरित किए जाएंगे। शनिवार को मंच, बैठक समेत अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया। परेड दल में शामिल सभी जवानों को वैक्सीन लग चुकी है। कमांडेंट 7वीं बटालियन तरुण नायक ने बताया कि पुलिस समेत अन्य जवानों को फ्रंट लाइन वर्कर होने के कारण पहले ही वैक्सीन लग चुकी है। बावजूद एक-दूसरे में पर्याप्त दूरी रखी जाएगी।
कोरोना के चलते बदली गई है व्यवस्था
इस बार परेड में 9 टुकड़ी शामिल होंगी। एसएएफ, जिला पुलिस, महिला पुलिस, एसटीएफ, जेल, होमगार्ड व हॉक फोर्स। एसएएफ के 2 प्लाटून रहेंगे। वहीं बैंड भी शामिल होगा। प्रत्येक टुकड़ी में 21 जवान रहेंगे। वहीं प्लाटून कमांडर भी रहेंगे। हर जवान के बीच 6 फीट की दूरी रखी जाएगी। पहले एक हाथ की दूरी रखी जाती थी।
मंच के सामने से गुजरेंगे जवान
पिछले साल स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्लाटून दल तो शामिल हुए थे, लेकिन वे मंच के सामने से नहीं गुजरे थे। अबकी बार दल मार्च पास्ट करते हुए मंच के सामने से गुजरेगी और मुख्य अतिथि को सलामी देगी। पिछली बार की तरह इस बार भी बच्चों की टुकडिय़ां शामिल नहीं होंगी और न ही रिटायर्ड सेना के जवानों को शामिल किया जाएगा। पहले इनकी 10 टुकडिय़ां रहती थीं। स्वतंत्रता संग्राम सैनानियों का सम्मान समारोह में नहीं किया जाएगा, बल्कि अफसर घरों पर जाकर सम्मानित करेंगे। इस बार विशिष्ठ अतिथियों एवं आमजनों की बैठक व्यवस्था भी बदली रहेगी। सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करना होगा। मास्क लगाना अनिवार्य रहेगा।