सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भारतीय शूटिंग को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाते हुए ओलंपियन एवं मध्य प्रदेश के स्टार निशानेबाज़ ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने काहिरा (मिस्र) में आयोजित, आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप 2025 में पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोज़िशन्स स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया। उन्होंने क्वालिफिकेशन राउंड में 597-40X के अभूतपूर्व स्कोर से विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की, जो भारतीय शूटिंग इतिहास का एक ऐतिहासिक क्षण माना जा रहा है।
फ़ाइनल मुकाबले में ऐश्वर्य ने 466.9 अंक हासिल करते हुए केवल 0.2 अंक के अंतर से स्वर्ण पदक से चूक गए। चीन के युकुन लियू ने 467.1 अंक के साथ स्वर्ण पदक जबकि फ्रांस के रोमैन् ऑफ़्रेर ने 454.8 अंक के साथ कांस्य पदक जीता। यह उपलब्धि ऐश्वर्य के करियर का पहला सीनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप रजत पदक है, जो उन्हें आगामी ओलंपिक खेलों के लिए मजबूत दावेदार बनाता है।
भारत के ही अन्य निशानेबाज़ नीरेज कुमार ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्होंने क्वालिफिकेशन में 592 अंकों के साथ फ़ाइनल में जगह बनाई और 432.6 अंक प्राप्त कर पाँचवाँ स्थान हासिल किया।
24 वर्षीय ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर का यह प्रदर्शन न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि भारतीय शूटिंग के उभरते वर्चस्व का भी मजबूत संकेत है। मध्य प्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी की प्रशिक्षण प्रणाली और स्पोर्ट्स साइंस-आधारित कोचिंग की यह सफलता एक और प्रमाण है।
इस उपलब्धि पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संचालक श्री राकेश गुप्ता ने ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर को बधाई दी और भविष्य के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। सभी ने इसे भारत के ओलंपिक पदक संभावनाओं को मजबूत करने वाली उपलब्धि बताया।
ऐश्वर्य की यह जीत आगामी स्पर्धाओं में भारतीय चुनौती को नया आत्मविश्वास प्रदान करेगी और युवा निशानेबाज़ों को प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
ऐश्वर्यप्रतापसिंहतोमर #वर्ल्डशूटिंगचैंपियनशिप #भारतीयनिशानेबाज #शूटिंगस्पोर्ट्स #भारतकीशान #