मुंबई । होंडा इंडिया पावर प्रोडक्ट्स ने समुद्री नौका इंजन (आउटबोर्ड) कारोबार में उतरने की तैयारी हैं। कंपनी का लक्ष्य पहले तीन वर्षों में 4-स्ट्रोक इंजन वर्ग के बाजार में 10 फीसदी हिस्सेदार हासिल करना है।
कंपनी नौका संचालकों के लिए अप्रैल से होंडा 4-स्ट्रोक समुद्री नौका इंजन बाजार में उतारेगी। उसके संभावित ग्राहकों में समुद्री सुरक्षा में शामिल कई सरकारी एजेंसियां, तटरक्षक, पर्यटकों एवं यात्रियों के लिए टैक्सी बोट सेवा प्रदाता, मछुआरे आदि हैं।
इन मोटरों में, 6 एचपी (हॉर्सपावर) की मोटर की कीमत 1.8 लाख रुपये और 250 एचपी क्षमता वाली मोटर की कीमत 23 लाख रुपये है। कंपनी ने कहा कि भारत में समुद्री नौका मोटर उद्योग का आकार बढ़कर 1,400 करोड़ रुपये होने का अनुमान है।
इस बारे में कंपनी के अधिकारी ने बताया कि हम 2-स्ट्रोक की जगह 4-स्ट्रोक को अपनाने की प्रक्रिया में तेजी लाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि इसके लिहाज से सबसे बड़ा क्षेत्र मत्स्यन क्षेत्र होगा क्योंकि उसमें मुख्य रूप से छोटे इंजन काम में लाए जाते हैं।