सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : संत हिरदाराम गर्ल्स कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, मध्य प्रदेश के अंतर्गत संत शिरोमणि हिरदाराम साहिब की पावन स्मृति एवं उनके 121 वें अवतरण दिवस के उपलक्ष्य में एक विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना, जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा युवाओं को मानव सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रेरित करना था। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में समस्त स्टाफ द्वारा श्रद्धापूर्वक सुखमनी साहिब का पाठ किया गया तथा श्रद्धालुओं के लिए लंगर (भंडारा) का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम में संत हिरदाराम साहिब के सेवा, मानवता और परोपकार के आदर्शों को स्मरण करते हुए उनके जीवन संदेशों को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया।

शिविर में एन एस एस की स्वयंसेविकाओं ने उत्साह, अनुशासन और सेवा-भावना के साथ भाग लेते हुए स्वेच्छा से रक्तदान किया। रक्तदान से पूर्व प्रतिभागियों की आवश्यक स्वास्थ्य जांच की गई और उन्हें रक्तदान की प्रक्रिया, सावधानियों तथा इसके महत्व के बारे में जानकारी दी गई। आयोजन के दौरान स्वयंसेविकाओं ने “रक्तदान—जीवनदान” का संदेश जन-जन तक पहुंचाते हुए लोगों को नियमित रूप से रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर कॉलेज की एन एस एस इकाई ने बताया कि रक्तदान एक महान सामाजिक सेवा है, जिसके माध्यम से किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाया जा सकता है। शिविर में उपस्थित स्वयंसेविकाओं और आयोजकों ने समाज के सभी स्वस्थ नागरिकों से आगे आकर रक्तदान करने तथा इस मानवीय अभियान का हिस्सा बनने का आह्वान किया।

महाविद्यालय की प्राचार्या डलिया पुरानी एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों ने भी स्वयंसेविकाओं के सेवा कार्यों की प्रशंसा करते हुए उनके उज्जवल सामाजिक उत्तरदायित्व की सराहना की।


Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #Desksource #अवतरण #हवन #एनएन #DeskSource #टवर #आईट #उनक