आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल के प्रियंका ज्वेलर्स के खिलाफ 15 से अधिक शिकायतें थाने में दर्ज हुई हैं। शिकायतकर्ताओं ने दुकान संचालक अंकित रस्तोगी और राहुल के पास जेवर गिरवी रखे थे। कुछ ने गहने बनवाने के लिए रुपए जमा कराए थे। कुछ ऐसे ग्राहकों ने भी शिकायत की है जिन्होंने स्कीम के लालच में आकर रुपए जमा करा दिए।
सोमवार रात से ग्राहकों की शिकायतें थाने पहुंच रही हैं। एक शिकायतकर्ता का दावा है कि जामा मस्जिद पोस्ट ऑफिस वाली गली में प्रियंका ज्वेलर्स ने 200 लोगों से करीब 3 करोड़ की ठगी की है। अब दुकान बंद है और अंकित रस्तोगी फोन रिसीव नहीं कर रहा है। इस मामले में पुलिस ने जांच जारी होने की बात कहकर कुछ भी कहने से मना कर दिया है।
चेक दिया, उसमें साइन गलत कर दिए: सीमा
चौकसे नगर की रहने वाली सीमा ने कहा, मुझे एक तोला सोने का हार बनवाना था। इसके लिए अंकित को दो साल पहले 45 हजार रुपए दिए थे। उसने दो साल तक हार नहीं दिया। हमने हार देने का दबाव बनाया तो उसने एक चेक दे दिया। हमने चेक बैंक में जमा किया तो पता चला कि उस पर गलत साइन किए हुए हैं।
200 से अधिक लोग ठगी के शिकार: समीन खान
करौंद के रहने वाले मोहम्मद समीन खान का दावा है कि प्रियंका ज्वेलर्स के राहुल रस्तोगी के पास कई लोगों ने सोना गिरवी रखा था। कुछ अमाउंट भी था। इन्होंने न तो सोना लौटाया और न पैसा। राहुल ने पुलिस को एक पत्र दिया है, जिसमें खुद को पागल बताया और कहा- कोई भी मुझ पर प्रेशर नहीं डाले। वरना मेरी मौत का जिम्मेदार वही होगा।
लोगों ने 10 तोला से लेकर 40 तोला तक सोना इनके पास गिरवी रखा है। कुछ ने जेवर बनवाने के लिए सोना दिया है। इसकी कीमत करीब 3 करोड़ रुपए होगी। 200 से अधिक लोग ठगी का शिकार हुए हैं। मुझे पता चला है कि इस व्यक्ति को शेयर बाजार में भी 3 करोड़ का नुकसान हुआ है।
दस तोला सोना गिरवी रखा था: सोफिया
पुराने शहर की रहने वाली सोफिया ने बताया कि मैंने 10 तोला सोना गिरवी रखा था, क्योंकि इन्होंने एक स्कीम समझाई थी कि आपको इसका हर महीने प्रॉफिट मिलेगा। कुछ दिन बाद इन्होंने हमारा फोन उठाना बंद कर दिया। एक दिन फोन रिसीव किया तो कहा- मंडे को मिलें। तब से अब तक इनकी दुकान लगातार बंद है। हमें कोई भी को-ऑपरेट नहीं कर रहा है। इसकी शिकायत हमने पुलिस से भी की है।
प्लाट खरीदने के लिए रखे थे दो कड़े: रुबीना
पीरगेट पर रहने वाली रुबीना सिलाई का काम करती हैं। उन्होंने बताया कि प्लाट खरीदने के लिए दो कड़े गिरवी रखे थे। हमें प्रॉफिट का लालच दिया गया था। कहा- कुल एक लाख बीस हजार रुपए हो गए होंगे। इन्होंने ना तो हमारे कड़े लौटाए और ना ही पैसे।
न हार दिया, न रुपए लौटाए, अब दुकान बंद है
इमामी गेट पर रहने वाली एक महिला ने नाम जाहिर नहीं करने का कहते हुए बताया है कि मेरा परिवार लंबे समय से प्रियंका ज्वेलर्स से आभूषण बनवाता आ रहा है। 13 अगस्त 2023 को दुकान पर जाकर सोने का हार बनवाया। 12.50 ग्राम वजन के हार की कीमत 65,000 हजार रुपए थी। इसकी रसीद भी हमारे पास है। तीन दिनों से दुकान बंद है।
कई दिनों से चक्कर लगा रहे हैं। बिल पर लिखे नंबरों पर भी संपर्क किया तो मोबाइल बंद मिले। आसपास दुकानदारों से पता चला कि दुकानदार कहीं बाहर चले गए। हमें जेवरात की आवश्यकता है। इस मामले की शिकायत हमने पुलिस से की है।
पुलिस ने कहा- अभी तक 15 से अधिक शिकायतें
कोतवाली थाने से ASI गणेश ने बताया- प्रियंका ज्वेलर्स के खिलाफ सोमवार देर रात से शिकायतें आ रही हैं। 15 से अधिक लोग शिकायतें कर चुके हैं। इसमें मुख्य रूप से सोना गिरवी रखकर वापस नहीं करने और पैसे लेकर जेवर नहीं देने की शिकायतें हैं। मामले में जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।